
सूर्यकुमार यादव (26 गेंद में 68 रन) के विस्फोटक अर्धशतक के बाद धारदार गेंदबाजों के बूते भारत ने बुधवार रात हॉन्गकॉन्ग को 40 रन से हरा दिया। यह एशिया कप में भारत की लगातार 14वीं जीत है। इसी के साथ भारत टूर्नामेंट के सुपर-4 में पहुंचने वाली दूसरी टीम बन गई है, इससे पहले अफगानिस्तान ने मंगलवार रात बांग्लादेश को हराकर क्वालीफाई किया था। आज के मैच की बात करें तो हॉन्गकॉन्ग के कप्तान निजाकत खान ने टॉस जीतकर भारत को बल्लेबाजी का निमंत्रण दिया था। सुस्त शुरुआत के बावजूद भारत ने स्कोरबोर्ड पर 2 विकेट के नुकसान पर 192 रन टांग दिए। सूर्या के अलावा विराट कोहली (44 गेंद में 59 रन) ने भी फिफ्टी जमाई। केएल राहुल ने 36 और कप्तान रोहित शर्मा ने 21 रन का योगदान दिया।
193 रन का विशाल स्कोर के जवाब में हांगकांग की टीम ने पूरे ओवर खेले और पांच विकेट गंवाकर 152 रन बनाये। हांगकांग के लिए इस पहाड़ से लक्ष्य तक पहुंचना नामुमकिन था, पर उसके बल्लेबाजों ने शानदार जज्बा दिखाया और केवल पांच विकेट गंवाये। टीम ने अंतिम दो ओवर में 33 रन जोड़े। भारत के लिये आवेश खान सबसे महंगे साबित हुए। उन्होंने चार ओवर में 53 रन देकर एक विकेट झटका। अर्शदीप सिंह ने भी चार ओवर में 44 रन लुटाये और एक विकेट झटका।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website