
वेनिस डूब रहा है। रॉटरडैम, बैंकॉक और न्यूयॉर्क का भी कुछ ऐसा ही हाल है। लेकिन, पृथ्वी पर सबसे तेजी से डूबने वाले मेगासिटी में जकार्ता की तुलना में दूसरा कोई शहर नहीं है। पिछले 25 साल में इंडोनेशिया की राजधानी का सबसे अधिक प्रभावित क्षेत्रों में 16 फीट से अधिक पानी भर चुका है। विशेषज्ञों का कहना है कि जकार्ता के पास समाधान निकालने के लिए 2030 तक का समय है। अन्यथा जावा सागर को इस शहर को निगलने से रोकने में बहुत देर हो जाएगी। इस संकट से जकार्ता को बचाने के लिए एक अरबपति बिजनेस मैन क्यू एंथोनी सलीम सामने आए हैं। सलीम पीटी एयर बर्सिह जकार्ता के मालिक हैं। उनकी कंपनी ने सरकार को शहर के 1 करोड़ 10 लाख लोगों तक पाइप से पानी पहुंचाने के काम में मदद की है।
जकार्ता में रहने वाले तीन में से एक नागरिक के पास पाइप से पीने के पानी की पहुंच नहीं है। इसके बजाए वह शहर में फैले हजारों अवैध कुओं पर निर्भर हैं। इससे धरती के अंदर का पानी खत्म होता है और जमीन कमजोर हो जाती है। इससे भविष्य में उस इलाके की डूबने की स्थिति बन जाती है। विशेषज्ञों का कहना है कि अगर सलीम की कंपनी हर घर में पानी पहुंचाने की योजना में सफल रहती है तो इससे शहर के पास एक मौका है। लेकिन, अगर यह योजना विफल होती है तो संभावना है कि दुनिया के दूसरे सबसे बड़े महानगर में अराजकता का राज होगा।
25 सेंटीमीटर की दर से डूब रहा जकार्ता – डच जल अनुसंधान संस्थान डेल्टारेस के बाढ़ विशेषज्ञ जानजाप ब्रिंकमैन ने कहा, तेज तूफानों और समुद्र के बढ़ते स्तर के साथ संयुक्त रूप से डूबने की गति जकार्ता की समुद्री दीवारों की क्षमता से कहीं अधिक होगी। उन्होंने चेतावनी दी है कि समुद्र का पानी इतनी तेजी से आएगा कि यह कभी नहीं रुकेगा और कोई बच नहीं पाएगा। जकार्ता शहर हर साल 25 सेंटीमीटर की दर से डूब रहा है। बीते दस साल में जकार्ता ढाई मीटर जमीन में समा गया है लेकिन दलदली जमीन पर बसे इस शहर में निर्माण कार्य लगातार जारी है।
जकार्ता की नदियां भी बढ़ा रही मुसीबत – जकार्ता शहर के बीच से 13 नदियां बहती हैं। दूसरी ओर जावा सागर से ज्वार के समय अंदर तक पानी चढ़ जाता है। बाढ़ के हालात ऐसे हैं कि जकार्ता का काफी बड़ा हिस्सा अक्सर पानी में डूबा रहता है। इसके साथ-साथ कई दूसरे इलाके भी पानी में समाते जा रहे हैं। जकार्ता के डूबने की रफ्तार दुनिया के कई दूसरे शहरों से दोगुने से भी अधिक है। इससे सबसे अधिक प्रभावित उत्तरी जकार्ता का इलाका है। इस इलाके में बड़े पैमाने पर आबादी रहती है। उत्तरी जकार्ता में ऐतिहासिक बंदरगाह तेनजंग प्रायक भी स्थित है, जो काफी व्यस्त रहता है। इस इलाके के कई इमारतों के ग्राउंड फ्लोर में पानी भरने से उसे खाली करना पड़ा है।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website