
हॉलीवुड एक्ट्रेस एंजेलिना जोली एक बार फिर अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर चर्चा में हैं। ब्रैड पिट से अलग होने और सालों तक चली कानूनी लड़ाई के बाद अब एक्ट्रेस लॉस एंजिल्स से दूर नई जिंदगी शुरू करने की तैयारी में हैं। हाल ही में उन्होंने अपना आलीशान बंगला 24.75 मिलियन डॉलर यानी करीब 220 करोड़ रुपये में बेच दिया है। इसके अलावा खबर है कि उन्होंने अमेरिका के कनेक्टिकट में एक नई प्रॉपर्टी भी खरीदी है। खास बात यह है कि एंजेलिना पहले ही कह चुकी थीं कि जब उनके सबसे छोटे बच्चे 18 साल के हो जाएंगे, तब वह लॉस एंजिल्स छोड़ देंगी। ऐसे में उनके इस नए कदम को उसी पुराने प्लान से जोड़कर देखा जा रहा है।
एंजेलिना जोली और ब्रैड पिट साल 2016 में अलग हो गए थे। इसके बाद दोनों के बीच बच्चों की कस्टडी और प्रॉपर्टी को लेकर लंबी कानूनी लड़ाई चली, जो दिसंबर 2024 में तलाक फाइनल होने के साथ एक अहम पड़ाव पर पहुंची। इस दौरान एंजेलिना अपने छह बच्चों के साथ लॉस एंजिल्स में ही रहीं। अब उनके जुड़वां बच्चे नॉक्स और विविएन भी 18 साल के हो चुके हैं। ऐसे में एक्ट्रेस के पास शहर छोड़ने की आजादी है। हालांकि, वह सिर्फ कनेक्टिकट में ही नहीं, बल्कि कंबोडिया और न्यूयॉर्क में भी ज्यादा समय बिताना चाहती हैं।
ब्रैड पिट से अलग होने के बाद क्यों LA छोड़ना चाहती थीं एंजेलिना? – एंजेलिना जोली ने साल 2024 में ‘द हॉलीवुड रिपोर्टर’ को दिए एक इंटरव्यू में LA छोड़ने की अपनी इच्छा के बारे में खुलकर बात की थी। उन्होंने बताया था कि वह इसी शहर में पली-बढ़ी हैं, लेकिन तलाक से जुड़े हालात की वजह से उन्हें यहां रुकना पड़ा। एक्ट्रेस ने कहा था, ‘मैं इसी शहर में बड़ी हुई हूं। मैं यहां इसलिए हूं क्योंकि तलाक के चलते मुझे यहां रहना पड़ा, लेकिन जैसे ही बच्चे 18 साल के हो जाएंगे, मैं यहां से जा सकूंगी।’ उन्होंने यह भी बताया था कि छह बच्चों की परवरिश के लिए उन्हें ऐसी जगह की जरूरत थी, जहां प्राइवेसी, शांति और सुरक्षा मिल सके। एंजेलिना के मुताबिक, दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में उन्होंने इंसानियत और जिंदगी को जिस तरह देखा है, वह LA में उनके बचपन के अनुभवों से काफी अलग है। दरअसल, लॉस एंजिल्स में रहने के पीछे एक वजह बच्चों को उनके पिता ब्रैड पिट के करीब रखना भी था। साल 2021 में एक इंटरव्यू के दौरान जोली ने बताया था कि लॉस फेलिज में घर खरीदने की एक बड़ी वजह पिट के घर से उसकी नजदीकी थी। उन्होंने कहा था, ‘मैं चाहती थी कि यह उनके पिता के करीब हो, जो यहां से सिर्फ पांच मिनट की दूरी पर रहते हैं।’ अब जब उनके सबसे छोटे बच्चे भी 18 साल के हो गए हैं, तो माना जा रहा है कि जोली अपने पुराने प्लान पर आगे बढ़ रही हैं।
24.75 मिलियन डॉलर में बेचा LA का आलीशान बंगला – एंजेलिना जोली ने सितंबर 2026 में लॉस एंजिल्स के लॉस फेलिज इलाके में मौजूद अपना ऐतिहासिक बंगला 24.75 मिलियन डॉलर में बेच दिया। भारतीय रुपये में इसकी कीमत करीब 220 करोड़ रुपये बैठती है। एक्ट्रेस ने साल 2017 में ब्रैड पिट से अलग होने के बाद यह प्रॉपर्टी करीब 24.5 मिलियन डॉलर में खरीदी थी। करीब 11,000 वर्ग फुट में फैला यह बंगला कभी मशहूर फिल्ममेकर सेसिल बी. डीमिल का हुआ करता था। साल 1913 में बनी यह प्रॉपर्टी करीब दो एकड़ जमीन पर फैली हुई है। इसमें छह बेडरूम और 10 बाथरूम हैं। एंजेलिना ने मई 2026 में इस घर को करीब 29.85 मिलियन डॉलर में बिक्री के लिए रखा था। इसके बाद 24 सितंबर को इसे 24.75 मिलियन डॉलर में बेच दिया गया।
Home / Entertainment / एंजेलिना जोली का है हॉलीवुड छोड़ने का प्लान? ब्रैड पिट से तलाक की लड़ाई के बाद बच्चों को लेकर बड़ा फैसला!
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website