Saturday , March 28 2026 7:56 AM
Home / News / गाजा में इजरायल-हमास ने दो दिन के लिए और बढ़ाया युद्धविराम, क्या समझौते की शर्तों में हुआ बदलाव?

गाजा में इजरायल-हमास ने दो दिन के लिए और बढ़ाया युद्धविराम, क्या समझौते की शर्तों में हुआ बदलाव?


गाजा में शुक्रवार को शुरू हुआ चार दिन का युद्धविराम दो दिन के लिए बढ़ गया है। सोमवार को युद्धविराम का चार दिन का समय खत्म होने से पहले ही दोनों पक्ष इस समझौते को दो दिन के लिए बढ़ाने पर सहमत हो गए। इजरायल और हमास के बीच युद्धविराम के लिए वार्ता में प्रमुख मध्यस्थ की भूमिका निभा रहे कतर की ओर से ये जानकारी दी गई है। कतर के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता माजिद अल अंसारी ने सोमवार शाम को बताया कि गाजा पट्टी में मानवीय संघर्ष विराम को अतिरिक्त दो दिनों के लिए बढ़ाने पर समझौता हो गया है। यह घोषणा युद्धरत पक्षों के बीच चार दिवसीय संघर्ष विराम के अंतिम दिन की गई है।
हमास की ओर से भी बूयान जारी कर कहा गया है कि वह कतर और मिस्र के साथ इजरायल के साथ मानवीय संघर्ष विराम को दो दिन के विस्तार पर सहमत हो गया है। हमास के एक अधिकारी ने रॉयटर्स को बताया कि कतर और मिस्र में भाइयों के साथ अस्थायी मानवीय संघर्ष विराम को दो और दिनों के लिए बढ़ाने पर समझौता हुआ है। समझौते की शर्तों में कोई बदलाव नहीं है। समझौते में इस बार भी पिछले संघर्ष विराम जैसी ही शर्तें होंगी।
क्या है दोनों पक्षों की डील – इजरायल और हमास के बीच हुए समझौते के तहत हमास 50 बंधकों को रिहा करेगा। बदले में इजरायल चार दिनों का सीजफायर और 150 फिलिस्तीनी कैदियों को रिहा करेगा। डील की शुरुआत में ही यह कहा गया था कि चार दिन बाद दोनों पक्ष सहमत होते हैं तो हमास हर रोज 10 बंधकों को रिहा करेगा। इसके बदले इजरायल एक दिन का सीजफायर बढ़ाएगा। वहीं 10 के बदले तीन फिलिस्तीनी कैदियों को छोड़ेगा। दो दिन के लिए अब सीजफायर बढ़ाया गया है।
इस बीच फिलिस्तीनी राजनयिक रियाद अलमल्की ने यूरोपीय संघ के सदस्यों, पश्चिम एशिया और उत्तरी अफ्रीकी देशों के साथ बैठक में गाजा में युद्धविराम को और ज्यादा बढ़ाने पर जोर दिए जाने का अनुरोध किया। अलमल्की ने कहा कि हमें यह आवश्यक दबाव बनाना होगा ताकि इजराइली सरकार निर्दोष लोगों को मारना जारी न रखे। यूरोपीय संघ के देश स्पेन ने भी इजराइल से अपने हमले बंद करने का आह्वान किया है।