
इजराइल की ओलंपिक टीम ने कहा है कि गाजा में युद्ध के दौरान फिलीस्तीन के लोगों के मारे जाने को लेकर जारी भीषण तनाव और पश्चिम एशिया में व्यापक क्षेत्रीय संघर्ष के खतरे के बीच पेरिस ओलंपिक में आए उसके कुछ खिलाड़ियों को धमकियां मिली हैं। इजराइली राष्ट्रीय ओलंपिक समिति के अध्यक्ष याएल अराद ने मंगलवार को ‘एसोसिएटेड प्रेस’ (एपी) को बताया कि टीम के सदस्यों को धमकियां मिलीं और इनके जरिए खिलाड़ियों में ‘‘मनोवैज्ञानिक आतंक” उत्पन्न करने की कोशिश की गई। समिति के अध्यक्ष ने इस संबंध में अधिक जानकारी नहीं दी।
पेरिस के अभियोजकों ने पिछले सप्ताह इजराइल के खिलाड़ियों को ईमेल के जरिये दी गई मौत की धमकियों के मामले की जांच शुरू की। राष्ट्रीय साइबर अपराध एजेंसी इजराइल के कुछ खिलाड़ियों के निजी डेटा के ऑनलाइन लीक होने के मामले की भी जांच कर रही है। इजराइल-पराग्वे मैच के दौरान इजराइली खिलाड़ियों के साथ भेदभावपूर्ण बर्ताव होने के मामले की भी अभियोजकों ने जांच शुरू की है। इजराइली खिलाड़ी टॉम रेउवेनी (24) ने सप्ताहांत में ‘विंड सर्फिंग’ में स्वर्ण पदक जीता था। टॉम उन खिलाड़ियों में शामिल हैं जिन्हें धमकी मिली है। उन्होंने जर्मनी के म्यूनिख में 1972 ओलंपिक के दौरान मारे गए 11 इजराइली एथलीट की याद में मंगलवार को आयोजित एक कार्यक्रम में कहा कि खेलों को राजनीति से ‘‘अलग रखा जाना चाहिए”।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website