Sunday , March 8 2026 9:55 PM
Home / Uncategorized / कमला हैरिस को मिल रहा पर्याप्त डेमोक्रेट डेलीगेट का समर्थन, चुनाव फंड जुटाने का बनाया नया रिकॉर्ड

कमला हैरिस को मिल रहा पर्याप्त डेमोक्रेट डेलीगेट का समर्थन, चुनाव फंड जुटाने का बनाया नया रिकॉर्ड


अमेरिका की उपराष्ट्रपति कमला हैरिस (Kamala Harris ) ने राष्ट्रपति पद के चुनाव में डेमोक्रेटिक पार्टी की उम्मीदवार बनने के लिए पर्याप्त ‘डेलीगेट’ (पार्टी मतदाताओं के प्रतिनिधि) का समर्थन हासिल कर लिया है। ‘एसोसिएटेड प्रेस’ (AP)के एक सर्वेक्षण के अनुसार हैरिस को अपनी पार्टी का उम्मीदवार बनने के लिए आधे से अधिक डेमोक्रेटिक प्रतिनिधियों का समर्थन मिल चुका है। साथ ही राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार के रूप में अपने पहले 24 घंटों में सोमवार को फंड जुटाने का नया रिकार्ड बनाया है।
डेमोक्रेटिक पार्टी के उम्मीदवार के सामने राष्ट्रपति पद के चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी के उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) की चुनौती होगी। राष्ट्रपति जो बाइडेन ने रविवार को घोषणा की कि वह राष्ट्रपति पद का आगामी चुनाव नहीं लड़ेंगे। इसके साथ ही उन्होंने डेमोक्रेटिक पार्टी की तरफ से राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार के तौर पर उपराष्ट्रपति कमला हैरिस के नाम का अनुमोदन किया। बाइडेन के राष्ट्रपति पद की दौड़ से बाहर होने के बाद डेमोक्रेटिक पार्टी के प्रमुख नेता हैरिस के समर्थन में तत्काल हो खड़े हो गए और उनके प्रचार अभियान ने 24 घंटे में चंदा एकत्र करने का नया रिकॉर्ड बनाया।