
अटलांटिक महासागर में टाइटैनिक जहाज का मलबा देखने के लिए गई पनडुब्बी के बारे में अभी भी कोई जानकारी नहीं मिली है। गहरे पानी के अंदर से आवाजें सुनाई दे रही हैं, जिसने उम्मीद जगा दी है। अमेरिकी नौसेना का CURV21 रोबोट भी इसे खोजने का अंतिम प्रयास कर रहा है। यह पर्यटक पनडुब्बी ऐतिहासिक जहाज टाइटैनिक का मलबा देखने के मिशन पर गई थी और लापता हो गई। पाकिस्तानी मूल के अरबपति और एंग्रो कोर्प के उपाध्यक्ष दाऊद (48) और उनका 19 वर्षीय बेटा सुलेमान उन पांच लोगों में शामिल हैं जो टाइटैनिक के मलबे के निकट लापता हो गए। पनडुब्बी में सवार लोगों के लिए अब आने वाले कुछ घंटे बेहद निर्णायक हैं। ऐसा इसलिए क्योंकि पनडुब्बी के अंदर की ऑक्सीजन आज दोपहर तक खत्म हो जाएगी।
रेसक्यू करने वाले जहाजों का एक बेड़ा पनडुब्बी का पता लगाने में जुटा है। पांच विशेषज्ञ जहाज रोबोट के साथ पहले से ही 4 किमी की गहराई में 24,000 वर्ग किमी के विशाल क्षेत्र की तलाशी कर रहे हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि यह भूसे में सुई खोजने के बराबर है। इस मिनी पनडुब्बी में पांच लोग सवार हैं जो रविवार को टाइटैनिक जहाज का मलबा देखने के लिए गोता लगाने के बाद लापता हो गए। अमेरिकी तट रक्षक कप्तान जेमी फ्रेडरिक ने बुधवार को पुष्टि की है कि गहरे समुद्र के अंदर से आवाजें सुनाई दी हैं, आवाज का विश्लेषण किया जा रहा है।
क्या-क्या हैं दिक्कतें – जेमी फ्रेडरिक के मुताबिक इस तलाशी अभियान में कई दिक्कतें आ रही हैं। जैसे कि जहां पनडुब्बी खोई है वह किसी भी तट से बेहद दूर है। इसके अलावा कई देशों की एजेंसियों के साथ समन्वय करना पड़ रहा है। उन्होंने आगे कहा कि समुद्र की गहराई में आवाजें सुनाई दी हैं, जिनका विश्लेषण किया जा रहा है। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि अभी तक सिर्फ नकारात्मक परिणाम मिले हैं। उन्होंने कहा कि हमें उम्मीद नहीं छोड़नी चाहिए और सही दिशा में खोज करते रहना होगा।
रोबोट के जरिए हो रही खोज – इस खोज में शामिल एक अन्य विशेषज्ञ कार्ल हर्ट्सफ़ील्ड ने कहा कि आवाजों की पहचान करना बेहद कठिन है। दुनिया के सबसे बेहतर लोगों को इसले विश्लेषण में लगाया गया है। दुनिया की कई और एजेंसियां भी इसमें शामिल हो रही हैं। होराइजन मैरीटाइम सर्विसेज भी अमेरिकी कोस्टगार्ड के साथ मिल कर पनडुब्बी की खोज में लगी है। कंपनी के अध्यक्ष सीन लीट ने कहा कि हमारे रोबोट लगातार खोज कर रहे हैं। उनके जहाज पर विक्टर 6000 रोबोट है जो 20000 फीट की गहराई में गोता लगाने में सक्षम है।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website