
यहां मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (एमसीजी) में खेले जा रहे तीसरे टेस्ट मैच में भारत द्वारा पहली पारी में बनाए गए विशाल स्कोर के सामने आस्ट्रेलियाई पारी लडख़ड़ाती दिख रही है।
भारत ने अपनी पहली पारी दूसरे ही दिन सात विकेट के नुकसान पर 443 रनों पर घोषित कर दी थी। मैच के तीसरे दिन शुक्रवार के पहले सत्र का खेल खत्म होने तक मेजबान टीम ने अपनी पहली पारी में 55.5 ओवरों में 129 रनों पर ही अपने 4 विकेट खो दिए हैं।
आस्ट्रेलिया ने दिन की शुरुआत बिना कोई विकेट गंवाए आठ रनों के साथ की थी। मार्क हैरिस (22) और एरॉन फिंच (8) की सलामी जोड़ी ने खाते में 16 रनों का इजाफा ही किया था कि ईशांत शर्मा ने फिंच को शॉर्ट मिडविकेट पर मयंक अग्रवाल के हाथों कैच करा भारत को पहली सफलता दिलाई।
अच्छी लय में दिख रहे हैरिस 36 के कुल स्कोर पर जसप्रीत बुमराह की गेंद पर हुक करने के प्रयास में ईशांत को कैच देकर पवेलियन वापस हो लिए। हैरिस ने 35 गेंदों की पारी में दो चौके मारे।
मेजबान टीम ने तीसरा विकेट इनफॉर्म बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा के रूप में खोया। रवींद्र जडेजा की गेंद पर ख्वाजा शॉर्ट लेग पर खड़े मयंक के हाथों में कैच दे बैठे। ख्वाजा ने 32 गेंदों पर तीन चौकों की मदद से 21 रन बनाए। ख्वाजा का विकेट 53 रनों के कुल स्कोर पर गिरा।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website