Tuesday , March 31 2026 9:08 AM
Home / Uncategorized / मिडिल ईस्ट संकट: ‘खतरनाक बयानबाजी से लोगों की जान खतरे में डाल रहे’, कांग्रेस पर बरसे पीएम मोदी

मिडिल ईस्ट संकट: ‘खतरनाक बयानबाजी से लोगों की जान खतरे में डाल रहे’, कांग्रेस पर बरसे पीएम मोदी


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के बीच खाड़ी देशों में रह रहे भारतीयों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता जताई है। केरल के पलक्कड़ में एक रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार का पहला दायित्व विदेशों में बसे भारतीयों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि केंद्र सरकार इस संकट का भारत पर प्रभाव कम से कम रखने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
प्रधानमंत्री ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि वह इस संवेदनशील मुद्दे पर खतरनाक बयानबाजी कर रही है। पीएम मोदी ने कहा कि ऐसे बयान खाड़ी देशों में रहने वाले करीब 1 करोड़ भारतीयों की सुरक्षा को जोखिम में डाल सकते हैं। यह मामला 140 करोड़ भारतीय नागरिकों के हितों से जुड़ा है। उन्होंने कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों से अपील की है कि वह इस गंभीर अंतरराष्ट्रीय स्थिति का राजनीतिकरण न करें।
इसके साथ ही पीएम मोदी ने केरल की राजनीति पर भी निशाना साधा और सत्ताधारी LDF और UDF को भ्रष्टाचार और वोट-बैंक की राजनीति में लिप्त बताया। उन्होंने कहा कि राज्य लंबे समय से इन दोनों गठबंधनों के बीच फंसा हुआ है, जिससे विकास प्रभावित हुआ है। उन्होंने राजनीतिक हिंसा में जान गंवाने वाले कार्यकर्ताओं को भी श्रद्धांजलि दी।
अफवाहों पर से बचें: पीएम मोदी – अपने मासिक ‘मन की बात’ कार्यक्रम में भी प्रधानमंत्री ने अफवाहों को लेकर चिंता जताई और लोगों से सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि गलत जानकारी देश के लिए नुकसानदायक हो सकती है, इसलिए नागरिकों को केवल आधिकारिक और विश्वसनीय स्रोतों पर ही भरोसा करना चाहिए। मोदी ने विश्वास जताया कि देशवासी एकजुट होकर इस चुनौतीपूर्ण समय का सामना करेंगे और पहले की तरह इस बार भी मजबूती से बाहर निकलेंगे।