
अतीक अहमद और उनके भाई अशरफ की प्रयागराज में शनिवार को पुलिस कस्टडी में हत्या कर दी गई। इस हत्याकांड में तीन लोगों ने तुरंत सरेंडर कर दिया। पुलिस कस्टडी में हुई इस हत्या से विपक्ष सरकार को घेरने में लगा है। उत्तर प्रदेश में इस घटना के बाद से ही एक अजीब तरह का तनाव महसूस किया जा सकता है। विदेशी मीडिया ने भी रविवार को इस खबर को प्रमुखता से जगह दी है। बीबीसी ने अतीक को अपनी हेडलाइन में माफिया बताया। वहीं रॉयटर ने अतीक के पूर्व सांसद होने पर बल दिया।
विदेशी मीडिया ने अतीक की उस चिंता का भी जिक्र किया, जिसमें उन्होंने जान का खतरा होने की बात कही थी। अल जजीरा और पाकिस्तानी अखबार डॉन ने अपनी हेडलाइन में भी पूर्व सांसद और लाइव टीवी पर हत्या का जिक्र किया। वहीं पाकिस्तानी न्यूज आउटलेट द एक्स्प्रेस ट्रिब्यून ने एक कदम आगे बढ़ कर अतीक के कत्ल को एक मुस्लिम का कत्ल करार देने की कोशिश की। बीबीसी ने लिखा कि यह सबकुछ एक मिनट के अंदर हुआ है। अतीक और उसका भाई जब पुलिस वालों से घिरा था तभी एक बंदूक कनपटी पर लगी और गोली चली। इसके बाद कई और लोगों ने फायरिंग की। विदेशी मीडिया ने घटना के साथ ही विपक्ष के बयानों को भी छापा है।
जय श्रीराम के नारे का जिक्र – रॉयटर ने अपनी रिपोर्ट में लिखा कि एक नाटकीय फुटेज टीवी और सोशल मीडिया पर देखने को मिला। एक हथियरबंद शख्स अतीक के सिर पर बंदूक लगा कर गोली मारता है, जिससे उसकी पगड़ी उड़ जाती है। अतीक के भाई अशरफ को इसके बाद गोली मारी जाती है। अल जजीरा ने अपनी रिपोर्ट में लिखा, ‘आरोपी पत्रकार बन कर आए थे। हत्या के बाद जय श्री राम का नारा लगाया गया जो मुस्लिमों के खिलाफ अभियान में हिंदू राष्ट्रवादियों का एक युद्धघोष बन गया है। दोनों ही भारत के अल्पसंख्यक समुदाय से थे। पुलिस ने यह नहीं बताया कि क्या वह इसमें संभावित सांप्रदायिक मंशा की जांच कर रहे हैं या नहीं।’
पाकिस्तानी अखबार ने क्या लिखा – डॉन ने अपनी रिपोर्ट में लिखा, ‘दोनों भाई भारत के आपराधिक अंडरवर्ल्ड में शामिल थे। पूर्व सांसद पर कथित तौर पर 100 से ज्यादा मामले थे। उन पर हमला करने वाले छोटे अपराधी थे। अतीक अहमद ने पिछले महीने सुप्रीम कोर्ट में पुलिस से जान का खतरा बताया था।’ द एक्सप्रेस ट्रिब्यून ने अपनी रिपोर्ट में लिखा कि, ‘जिस जगह हत्या हुई वह उत्तर प्रदेश हैं, जहां भारत की सत्तारूढ़ हिंदू राष्ट्रवादी भारतीय जनता पार्टी का शासन है।’
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website