Saturday , March 28 2026 8:29 AM
Home / News / नेपाल के राष्ट्रपति ने बालेन शाह को देश का PM नियुक्त किया, सत्ता के शिखर तक कैसे पहुंचे, जानें चुनौतियां

नेपाल के राष्ट्रपति ने बालेन शाह को देश का PM नियुक्त किया, सत्ता के शिखर तक कैसे पहुंचे, जानें चुनौतियां


नेपाल के राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल ने संविधान के अनुच्छेद 76 (1) के तहत बालेन्द्र शाह ऊर्फ बालेन शाह को देश का अगला प्रधानमंत्री नियुक्त कर दिया है। इस बाबत राष्ट्रपति कार्यालय की तरफ से नोटिफिकेशन जारी कर दिया गया है। नेपाल में पिछले साल हुए हिंसक विरोध प्रदर्शन के बाद केपी शर्मा ओली के नेतृत्व वाली वामपंथी सरकार को प्रदर्शनकारियों ने उखाड़ फेंका था। इसके बाद इस साल देश में आम चुनाव करवाए गये। जिसमें बालेन शाह की पार्टी ने एकतरफा जीत हासिल की है।
बालेन शाह की उम्र सिर्फ 35 साल है और उनका प्रधानमंत्री बनना नेपाल की राजनीति में आए प्रमुख बदलाव का वादा करती है। लोकतंत्र लागू होने के बाद से नेपाल में जितने भी चुनाव हुए उनमें किसी भी चुनाव में किसी भी पार्टी को पूर्ण बहुमत हासिल नहीं हो पाया। लेकिन बालेन शाह के वादों पर जनता ने भरोसा दिखाया है। उन्होंने बदलाव का जो सपना दिखाया उसपर लोगों ने भरोसा किया है। नेपाल के मतदाता वर्षों से चले आ रहे भ्रष्टाचार, भाई-भतीजावाद और रसूखदारों के राज से नाराज थे।
बालेन शाह नेपाल के प्रधानमंत्री नियुक्त किए गये – प्रधानमंत्री नियुक्त किए जाने से पहले बालेन शाह ने नेपाली युवाओं और नेपाल के भविष्य को लेकर उम्मीदों से भरा एक गाना रिलीज किया था। वो एक रैपर रह चुके हैं और इस गाने का बोल था ‘एकजुट नेपाली, इस बार इतिहास रचा जा रहा है।’ इस गाने को रिलीज होने के कुछ ही घंटों के भीतर 20 लाख से ज्यादा बार देखा गया। बालेन शाह काठमांडू के मेयर रह चुके हैं और उन्होंने तीन सालों तक ये जिम्मेदारी संभाली।
बालेन शाह एक स्ट्रक्चरल इंजीनियर और मशहूर नेपाली रैपर हैं। राजनीति में आने से पहले वे अपने गानों के जरिए भ्रष्टाचार और सामाजिक मुद्दों पर आवाज उठाया करते थे।
उन्होंने साल 2022 में एक स्वतंत्र उम्मीदवार के रूप में काठमांडू के मेयर का चुनाव जीता था। उसे नेपाल की राजनीति में एक ऐतिहासिक जीत कही गई थी।
मेयर पद से इस्तीफा देने के बाद जनवरी 2026 में वे राष्ट्रिय स्वतंत्र पार्टी (RSP) में शामिल हो गए। इसी पार्टी के नेतृत्व में उन्होंने 2026 का आम चुनाव लड़ा।
मार्च 2026 के आम चुनावों में उनकी पार्टी (RSP) ने भारी बहुमत यानि 275 में से 182 सीटें हासिल किया। उन्हें पार्टी के संसदीय दल का नेता चुना गया।
बालेन शाह ने झापा-5 निर्वाचन क्षेत्र से नेपाल के पूर्व प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली को भारी मतों के अंतर से हराया था। केपी शर्मा ओली बुरी तरह से हारे हैं।
बालेन शाह नेपाल की राजनीति में सबसे कम उम्र के प्रधानमंत्री नियुक्त किए गये हैं।
बालेन शाह नेपाल के पहले ऐसे प्रधानमंत्री बने हैं जो मधेसी मूल से ताल्लुक रखते हैं। वो मैथिली भाषा में बात करते हैं।
उन्होंने भारत के कर्नाटक से स्ट्रक्चरल इंजीनियरिंग में मास्टर डिग्री हासिल की है। Gen Z प्रदर्शनकारियों के बीच बालेन शाह काफी लोकप्रिय नेता बनकर उभरे हैं।
बालेन शाह की जिंदगी कैसी रही है? – बालेन शाह का जन्म 1990 में काठमांडू के नारादेवी में हुआ था। उनके पिता एक आयुर्वेदिक डॉक्टर हैं और उनकी मां घर पर रहकर परिवार की देखभाल करती थीं। शाह शादीशुदा हैं और अपनी पत्नी और बेटी के साथ रहते हैं। स्कूल की पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने काठमांडू से इंजीनियरिंग की डिग्री हासिल की और बाद में भारत के कर्नाटक से एमटेक किया। साल 2013 में उन्होंने नेपाल में एक मशहूर रैप बैटल जीता था और रातों रात प्रसिद्ध हो गये थे। उनके गानों में क्रांति और उम्मीदों का भाव दिखता है।