Sunday , August 16 2026 10:19 PM
Home / Entertainment / निकोल किडमैन को दी गई थी टॉम क्रूज से शादी न करने की चेतावनी, कहा था- तुम्हारा करियर खराब हो जाएगा

निकोल किडमैन को दी गई थी टॉम क्रूज से शादी न करने की चेतावनी, कहा था- तुम्हारा करियर खराब हो जाएगा


हॉलीवुड स्टार निकोल किडमैन ने टॉम क्रूज संग अपनी असफल शादी को लेकर एक चौंकाने वाला खुलासा किया है। निकोल और टॉम क्रूज ने साल 1990 में शादी की थी, पर 11 साल बाद 2001 में उनका तलाक हो गया। उन्होंने दो बच्चे भी गोद लिए थे। निकोल किडमैन और टॉम क्रूज की पहली मुलाकात 1989 में फिल्म ‘डेज ऑफ थंडर’ के सेट पर हुई थी, और प्यार हो गया। लेकिन लव मैरिज के बावजूद यह शादी नहीं चली। अब निकोल किडमैन ने बताया है कि उन्हें टॉम क्रूज से शादी न करने की चेतावनी दी गई थी, और कहा गया था कि इससे उनके करियर पर बुरा असर पड़ेगा।
अब निकोल किडमैन का हाल ही दूसरे पति Keith Urban से तलाक हुआ और सभी को चौंका दिया। उन्होंने ‘ब्रिटिश वोग’ को दिए इंटरव्यू में पहले पति से शादी और तलाक के बारे में बात की। उन्होंने टॉम क्रूज से तब शादी की थी, जब वह 23 साल की थीं।
पहले पति टॉम क्रूज संग शादी पर बोलीं निकोल किडमैन – निकोल किडमैन ने बताया, ‘अजीब बात है, पर मुझे सहज महसूस हो रहा है। क्या यह अजीब है? यह बहुत अजीब है। अचानक मैं 22-23 साल की हो गई और मेरे पति एक बहुत बड़े फिल्म स्टार थे। लेकिन यह सब बिल्कुल स्वाभाविक लगा। हमें बस एक-दूसरे से बेइंतहा प्यार हो गया, और बात बस इतनी ही थी।’
लोगों ने निकोल को दी थी टॉम क्रूज से शादी न करने की चेतावनी – निकोल किडमैन ने बताया कि कैसे उन्हें लोगों ने टॉम क्रूज संग शादी न करने की सलाह दी थी और कहा था करियर पर बुरा असर पड़ेगा। वह बोलीं, ‘मुझे याद है लोग मुझसे कहते थे कि ठीक है, लेकिन इससे तुम्हारे करियर पर सच में असर पड़ेगा। मैंने सोचा मुझे कोई फर्क नहीं पड़ता। मैं प्यार में हूं। मैं शादी करना चाहती हूं। और फिर मैं उनकी पत्नी बन गई और लोग कहने लगे कि देखो, हमने तो तुमसे कहा ही था। मैंने कहा कि तो क्या हुआ? क्या मुझे उस आदमी से शादी नहीं करनी चाहिए जिससे मैं प्यार करती हूं? बेशक, मैं अपना करियर छोड़ दूंगी। मुझे इसकी कोई परवाह नहीं है।’
टॉम क्रूज से तलाक, फिर कीथ अर्बन से शादी और तलाक – टॉम क्रूज से साल 2001 में तलाक के बाद उनकी मुलाकात 2005 में ऑस्ट्रेलियाई-अमेरिकी सिंगर कीथ अर्बन से हुई थी। 2006 में उन्होंने सगाई कर ली और फिर उसी साल जून में शादी भी कर ली। हालांकि, साल 2025 में निकोल किडमैन और कीथ अर्बन अलग हो गए। जनवरी 2026 में उनका तलाक हो गया। निकोल फिलहाल सिंगल हैं।