Saturday , March 28 2026 7:58 AM
Home / News / नाइजीरियाई सेना ने गलती से अपनों पर किया ड्रोन हमला, 85 लोगों की मौत, भड़के राष्‍ट्रपति

नाइजीरियाई सेना ने गलती से अपनों पर किया ड्रोन हमला, 85 लोगों की मौत, भड़के राष्‍ट्रपति


अफ्रीकी देश नाइजीरिया के उत्तरी पश्चिमी इलाके में एक धार्मिक सभा पर सेना द्वारा “गलती से किए गए” ड्रोन हमले में कम से कम 85 लोगों के मारे जाने की पुष्टि हुई है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। नाइजीरियाई राष्ट्रपति बोला टीनुबू ने मंगलवार को नाइजीरिया के संघर्ष क्षेत्रों में गलती के चलते होने वाली इस नवीनतम घटना की जांच का आदेश दिया। नाइजीरिया की राष्ट्रीय आपातकालीन प्रबंधन एजेंसी (एनईएमए) ने एक बयान में कहा, ”अब तक 85 शवों को दफनाया जा चुका है और तलाश अभी भी जारी है। मरने वालों में महिलाएं और बुजुर्ग भी शामिल हैं। कम से कम 66 लोग घायल हुए हैं।’
लागोस से संचालित सुरक्षा कंपनी एसबीएम इंटेलिजेंस के अनुसार, देश के उत्तरी क्षेत्र में गंभीर सुरक्षा संकट के बीच सशस्त्र समूहों को निशाना बनाने के लिए सेना द्वारा किए जाने वाले हवाई हमलों में 2017 से लेकर अब तक लगभग 400 आम नागरिक मारे गए हैं। सरकार और सुरक्षाबलों के अनुसार, कादुना राज्य के तुदुन गांव में रविवार की रात लोग तब मारे गए, जब वे आतंकवादियों और दस्युओं को निशाना बनाने के लिए सेना द्वारा किए गए ड्रोन हमले की चपेट में आ गए। हमले की चपेट में आए लोग एक धार्मिक सभा कर रहे थे।
नाइजीरिया के पूर्व उपराष्ट्रपति और इस साल के चुनाव में विपक्ष की ओर से राष्ट्रपति पद के मुख्य उम्मीदवार अतीकू अबुबकर ने कहा, ”देश में गलती से होने वाले हवाई हमलों की घटनाएं चिंताजनक हैं।” नाइजीरियाई राष्‍ट्रपति ने पूरी घटना के जांच के आदेश दिए हैं। उन्‍होंने शांति बरतने की भी अपील की है। बताया जा रहा है कि ये लोग पैगंबर के जन्‍मदिन की याद में छुट्टी मना रहे थे। बताया जा रहा है कि नाइजीरियाई सेना आतंकियों और डाकुओं को निशाना बना रही थी और गलती से उसने इन लोगों पर हमला कर दिया।