Wednesday , August 6 2025 3:51 PM
Home / News / भारत को आंख दिखाने की कोशिश में पाकिस्तान की पिटी भद्द, त्रिंकोमाली आना चाहती थी नेवी, दिल्ली के इशारे पर श्रीलंका ने किया ‘खेल’

भारत को आंख दिखाने की कोशिश में पाकिस्तान की पिटी भद्द, त्रिंकोमाली आना चाहती थी नेवी, दिल्ली के इशारे पर श्रीलंका ने किया ‘खेल’


भारत की आपत्तियों के बाद श्रीलंका ने पाकिस्तान के साथ संयुक्त नौसैनिक अभ्यास रद्द कर दिया है। यह अभ्यास त्रिंकोमाली के पास होना था, जहां भारत ऊर्जा केंद्र विकसित कर रहा है। इसे देखते हुए कोलंबो में भारतीय उच्चायोग ने श्रीलंका को भारत की चिंताओं से अवगत करा दिया था।
भारत की ओर से चिंता जताने के बाद श्रीलंका ने पाकिस्तान के साथ अपने नौसैनिक अभ्यास को रद्द कर दिया। दोनों देशों का यह साझा अभ्यास रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण श्रीलंका के त्रिंकोमाली पोर्ट के पास होना था। त्रिंकोमाली बंदरगाह शहर (पोर्ट सिटी) है, यहां भारत की मदद से एक एनर्जी सेंटर बनाया जा रहा है। ऐसे में पाकिस्तान की नेवी के इस बंदरगाह के पास अभ्यास से भारत को आपत्ति थी। भारत ने अपनी आपत्ति श्रीलंका के सामने रखी। इस पर श्रीलंका ने पाकिस्तान के विरोध के बावजूद अभ्यास को कैंसिल करने का फैसला लिया।
एचटी की रिपोर्ट के मुताबिक, घटनाक्रम से जुड़े लोगों ने बताया है कि यह अभ्यास पीएम नरेंद्र मोदी की इस महीने के शुरू में हुए श्रीलंका दौरे से ठीक पहले होना था। इस यात्रा में भारत और श्रीलंका ने एक रक्षा सहयोग समझौता किया था। इसके साथ ही भारत, श्रीलंका और यूएई के बीच त्रिंकोमाली में ऊर्जा केंद्र बनाने के लिए एक समझौता हुआ था, जिसमें एक पाइपलाइन भी शामिल है।
पाकिस्तान की भारत को उकसाने की कोशिश – पाकिस्तान का श्रीलंका में त्रिंकोमाली पोर्ट के पास अभ्यास करने का प्रस्ताव भारत को उकसाने की कोशिश के तौर पर देखा गया था। यह घटनाक्रम तब हुआ जब श्रीलंका ने विदेशी अनुसंधान जहाजों के आने पर एक साल के लिए रोक लगाई है। यह रोक चीन के निगरानी जहाजों की गतिविधियों की वजह से लगाई गई थी। चीन और पाकिस्तान का एशिया में गठजोड़ पुराना है।