
पाकिस्तान के उच्चतम न्यायालय ने सोमवार को प्रधानमंत्री इमरान खान (Imran Khan) को एक नोटिस जारी किया। इमरान को अपनी पार्टी के समर्थक वकीलों के एक राजनीतिक कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए नोटिस जारी किया गया है, जिसके आयोजन में कथित तौर पर सार्वजनिक कोष का उपयोग किया गया।
पाकिस्तान की सत्तारूढ़ तहरीक-ए-इंसाफ पार्टी के लीगल विंग इंसाफ लायर्स फोरम (ILF) का एक कार्यक्रम गत 9 अक्टूबर को इस्लामाबाद के जिन्ना कन्वेंशन सेंटर में आयोजित किया गया था, जिसे इमरान खान ने भी संबोधित किया था। कोर्ट ने कन्वेंशन सेंटर के इन्चार्ज को यह बताने का निर्देश दिया है कि कार्यक्रम के खर्चे का भुगतान किसने किया।
‘डॉन न्यूज’ की खबर के मुताबिक, पंजाब सरकार के खिलाफ एक मामले की सुनवाई के दौरान जस्टिस काजी फैज इसा ने कहा, ‘प्रधानमंत्री पूरे देश से वोट लेते हैं। वह पूरे देश के प्रधानमंत्री हैं, न कि किसी खास समूह के। वह सरकार के संसाधनों का दुरुपयोग क्यों कर रहे हैं।’ कोर्ट ने सुप्रीम कोर्ट बार असोसिएशन के प्रेसिडेंट और पाकिस्तान बार काउन्सिल के वाइस चेयरमैन को अगली सुनवाई के दौरान उपस्थित रहने का आदेश दिया है।
कोर्ट ने अटॉर्नी जनरल खालिद जावेद खान को भी इस संबंध में सहायता करने के लिए नोटिस जारी किया है। इसके साथ ही एडवोकेट जनरल पंजाब और इस्लामाबाद प्रशासन को भी नोटिस जारी किया गया है।
Home / Uncategorized / राजनीतिक कार्यक्रम में शामिल होने और पब्लिक फंड के उपयोग पर पाकिस्तान सुप्रीम कोर्ट ने PM इमरान खान को जारी किया नोटिस
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website