Wednesday , November 11 2026 4:00 AM
Home / Entertainment / Bollywood / पवन कल्याण की तीसरी शादी भी टूटी, नंदिनी और रेणु से तलाक को कहा था ‘दर्द’, अन्ना लेझनेवा से विवाह को ‘अफसोस नहीं’

पवन कल्याण की तीसरी शादी भी टूटी, नंदिनी और रेणु से तलाक को कहा था ‘दर्द’, अन्ना लेझनेवा से विवाह को ‘अफसोस नहीं’


तेलुगू ‘पावर स्टार’ और आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण की 55 साल की उम्र में तीसरी शादी भी टूट गई है। उन्होंने अपनी रूसी पत्नी अन्ना लेझनेवा से शादी के 13 साल बाद अलग होने का फैसला किया है। दोनों ने जॉइंट स्टेटमेंट जारी कर अपने अलगाव की जानकारी दी। इस बीच पवन कल्याण के एक पुराने इंटरव्यू की यादें ताजा हो गई हैं जब उन्होंने अपनी पिछली दो पत्नियों, नंदिनी और रेणु से तलाक और तीसरी शादी करने पर हुई आलोचनाओं का जवाब दिया था। पवन कल्याण ने तब दो टूक कहा था कि पिछली दो शादियों में उन्हें ‘दर्द’ मिला और उन्हें रिश्तों के टूटने पर कोई ‘अफसोस’ नहीं है।
पवन कल्याण और अन्ना लेझनेवा ने आपसी सहमति से अलग होने का फैसला किया है। दोनों ने कहा है कि शादी खत्म होने के बावजूद वे अच्छे दोस्त बने रहेंगे और अपने बच्चों की परवरिश मिलकर करेंगे। अन्ना से पहले पवन कल्याण की शादी नंदिनी और रेणु देसाई से हुई थी। दोनों रिश्ते तलाक और अलगाव के साथ खत्म हुए।
13 साल बाद अलग हुए पवन कल्याण और अन्ना लेझनेवा – पवन कल्याण और अन्ना लेझनेवा ने एक जॉइंट स्टेटमेंट जारी कर अपने अनग होने की पुष्टि की है। उन्होंने कहा, ‘अपने जीवन का एक बड़ा हिस्सा साथ बिताने के बाद हमने आपसी समझ और सम्मान के साथ अलग होने का फैसला किया है।’ स्टेटमेंट में आगे कहा गया, ‘भले ही हमारी शादी खत्म हो गई है, लेकिन हम अच्छे दोस्त बने रहेंगे और अपने प्यार बच्चों के लिए समर्पित माता-पिता बने रहेंगे। उनकी खुशी और भलाई हमेशा हमारी प्राथमिकता रहेगी।’ प्रइवेसी के बारे में उन्होंने कहा, ‘जीवन के इस बदलाव के दौर में, हम आपकी समझ, दयालुता और हमारी प्राइवेसी के प्रति सम्मान की उम्मीद करते हैं। हम उन सभी लोगों का दिल से आभार व्यक्त करते हैं जो इस सफर में हमारे साथ खड़े रहे।’
कौन हैं अन्ना लेझनेवा? – अन्ना लेझनेवा रूसी नागरिक हैं और पवन कल्याण की तीसरी पत्नी थीं। दोनों की मुलाकात फिल्म ‘तीन मार’ की शूटिंग के दौरान हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और साल 2013 में उन्होंने शादी कर ली। इस शादी से उनके दो बच्चे हैं। उनकी बेटी का नाम पोलेना अंजना पवनोवा और बेटे का नाम मार्क शंकर पवनोविच है। अब शादी के 13 साल बाद दोनों ने अलग होने का फैसला किया है।
पहले भी टूट चुकी हैं पवन कल्याण की दो शादियां – पवन कल्याण की पर्सनल लाइफ की बात करें तो उन्होंने पहली शादी साल 1997 में नंदिनी से की थी। हालांकि, दोनों का रिश्ता ज्यादा समय तक नहीं चल पाया और साल 2008 में उनका तलाक हो गया। इसके बाद पवन कल्याण ने अपनी लंबे समय की साथी और एक्ट्रेस रेणु देसाई से शादी की। दोनों के दो बच्चे हैं। हालांकि, साल 2012 में दोनों अलग हो गए। इसके बाद पवन ने साल 2013 में अन्ना लेझनेवा से तीसरी शादी की थी। अब 13 साल बाद यह रिश्ता भी खत्म हो गया है।
दो शादियों के टूटने पर पहले क्या बोले थे पवन कल्याण? – पवन कल्याण पहले भी अपनी तीन शादियों को लेकर होने वाली आलोचनाओं पर बात कर चुके हैं। साल 2023 में नंदमुरी बालकृष्ण के चैट शो ‘अनस्टॉपेबल विद एनबीके’ में उन्होंने अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर खुलकर बात की थी। उन्होंने कहा, ‘मेरी पहली शादी नंदिनी के साथ बहुत पारंपरिक थी। यह बड़ों द्वारा तय की गई थी। लेकिन रिश्ते में हमेशा सब कुछ ठीक नहीं रहता, इसलिए लोग अलग हो जाते हैं। दूसरी बार भी रेणु देसाई के साथ, चाहे विचारों में मतभेद रहा हो या कुछ और शायद आपसी सहमति नहीं बन पाई, हालात कुछ अलग थे। लेकिन लोग बार-बार मेरी तीन शादियों का जिक्र करते हैं। मैंने तीनों से एक ही समय पर शादी नहीं की थी। और न ही मैं तीनों के साथ एक ही घर में रहता हूं।’
नंदिनी और रेणु से तलाक को कहा था ‘दर्द’ – शो के दौरान पवन कल्याण ने कहा था कि लोग बार-बार उनकी तीन शादियों का जिक्र करते हैं, जबकि उन्होंने कभी भी तीनों महिलाओं से एक साथ शादी नहीं की। उन्होंने कहा था, ‘एक के साथ रिश्ता नहीं चला, तो मुझे दूसरी शादी करनी पड़ी। ऐसा भी नहीं है कि मैंने अपनी इच्छा या किसी आकर्षण की वजह से ऐसा किया, बस ऐसा हो गया। इसमें सिर्फ दर्द ही मिला है।’
पवन बोले- मेरे मन में कोई गिल्ट नहीं – पवन ने कहा कि उनकी निजी जिंदगी अक्सर सार्वजनिक चर्चा का विषय बन जाती है, क्योंकि वह एक राजनेता हैं और लोग इसका इस्तेमाल ‘आलोचना करने के हथियार’ के रूप में करते हैं। उन्होंने कहा, ‘मैं इसे इस तरह देखता हूं कि अगर कोई मुझे बुरा-भला कहना चाहता है, तो कहने दें। मेरे मन में कोई गिल्ट नहीं है। मुझे लगता है कि शायद इसलिए क्योंकि लोग मुझे जानते हैं, मेरी जिंदगी सब के सामने है।’
पवन कल्याण का वर्कफ्रंट – वर्कफ्रंट की बात करें तो पवन कल्याण हाल ही में फिल्म ‘उस्ताद भगत सिंह’ में नजर आए थे। यह फिल्म 19 मार्च 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। इससे पहले उनकी फिल्म ‘दे कॉल हिम ओजी’ को भी दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिला था। अब फैंस को उनकी आने वाली फिल्मों का इंतजार है। खबरों के मुताबिक, पवन कल्याण जल्द ही डायरेक्टर सुरेंद्र रेड्डी की अगली फिल्म में नजर आ सकते हैं। वहीं, उनकी फिल्म ‘ओजी 2’ को लेकर भी चर्चा बनी हुई है।