Saturday , March 28 2026 4:45 AM
Home / News / पुतिन ने परमाणु गिराने वाले बमवर्षक विमान में भरी उड़ान, जानें कितना खतरनाक है ये फाइटर जेट

पुतिन ने परमाणु गिराने वाले बमवर्षक विमान में भरी उड़ान, जानें कितना खतरनाक है ये फाइटर जेट


राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने रूस के नवीनतम रणनीतिक बमवर्षकों में से एक टुपोलेव टीयू-160एम पर उड़ान भरी है। बुधवार को पुतिन ने इस विमान की सवारी की, जो परमाणु हथियार ले जाने में सक्षम है। पुतिन ने मास्को से 720 किलोमीटर पूर्व में कजान में जेट का उत्पादन करने वाले एक विमान संयंत्र से टीयू-160एम में 30 मिनट की उड़ान भरी। क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेसकोव ने इसकी जानकारी दी लेकिन उन्होंने उड़ान के दौरान विमान के रूट का खुलासा नहीं किया।
रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कजान एविएशन प्लांट की यात्रा के दौरान जिन उन्नत टुपोलेव टीयू-160एम रणनीतिक बमवर्षकों का निरीक्षण किया, वह 6,000 किमी दूर के लक्ष्य पर मिसाइलें दाग सकते हैं। रूस के एसपी गोर्बुनोव कजान एविएशन प्लांट ने चार टुपोलेव टीयू-160एम रणनीतिक बमवर्षक तैयार किए हैं। रूसी वायु सेना का अग्रणी विमान टीयू-160एम परमाणु और पारंपरिक, दोनों तरह के हमले शुरू करते हुए किसी भी युद्ध की स्थिति को बदल सकता है। रूस का दावा है कि यह दुनिया का सबसे तेज उड़ने वाला सुपरसोनिक और सबसे भारी पेलोड ले जाने वाला बमवर्षक है।