Friday , December 26 2025 8:17 PM
Home / News / भारत में चुनाव के बाद सुधर जाएंगे संबंध, पाकिस्तानी रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ का बड़ा दावा

भारत में चुनाव के बाद सुधर जाएंगे संबंध, पाकिस्तानी रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ का बड़ा दावा


पाकिस्तानी रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने लोकसभा चुनाव के बाद भारत के साथ संबंधों में बेहतरी की उम्मीद जताई है। इस्लामाबाद में संसद भवन के बाहर पाकिस्तानी रक्षा मंत्री ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा, “भारत के साथ हमारे संबंध वहां चुनाव के बाद बेहतर हो सकते हैं।” उन्होंने कहा कि पाकिस्तान और भारत के संबंधों का अपना इतिहास है। पाकिस्तान पूरी दुनिया में आतंकवाद का गढ़ है। भारत और पाकिस्तान के बीच आजादी के बाद से चार बार युद्ध हो चुके हैं। हर युद्ध में पाकिस्तान को करारी हार झेलनी पड़ी है, इसके बावजूद वह लगातार नापाक कोशिशें करता रहा है। पाकिस्तान लगभग सभी अंतरराष्ट्रीय मंचों पर खुद की बात करने की जगह भारत के खिलाफ जहर उगलने में समय बर्बाद करता है।
भारत से व्यापार शुरू करेगा पाकिस्तान? – पाकिस्तान की सीमा भारत, अफगानिस्तान और ईरान से लगती है। पाक अधिकृत कश्मीर पर अवैध कब्जे के कारण पाकिस्तान को चीन की सीमा तक भी अस्थायी पहुंच मिली हुई है। चीन को छोड़कर पाकिस्तान अपने तीनों मुख्य पड़ोसियों के साथ संघर्ष में है। ऐसे में आसिफ को भारत के साथ द्विपक्षीय संबंधों में बदलाव की उम्मीद है। कुछ दिन पहले ही पाकिस्तानी विदेश मंत्री इशाक डार ने कहा था कि उनका देश भारत के साथ फिर से व्यापार शुरू करने की सोच रहा है। उन्होंने स्वीकार किया कि पाकिस्तान प्रतिबंधों के बावजूद तीसरे देशों के जरिए भारतीय सामानों का आयात कर रहा है, जिससे ज्यादा कीमत चुकानी पड़ रही है। उन्होंने इस संबंध में सभी पक्षों के साथ विचार विमर्श के बाद अंतिम निर्णय लेने की बात कही थी।