Saturday , March 28 2026 8:11 AM
Home / News / लाल सागर में जहाजों पर हमलों के खिलाफ संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में प्रस्ताव पारित, हूती विद्रोहियों ने दिया ये जवाब

लाल सागर में जहाजों पर हमलों के खिलाफ संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में प्रस्ताव पारित, हूती विद्रोहियों ने दिया ये जवाब


संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने बुधवार को लाल सागर में व्यापारी और वाणिज्यिक जहाजों पर हूती विद्रोहियों की ओर से हो रहे हमलों की निंदा करते हुए एक प्रस्ताव पास किया है। प्रस्ताव में 19 नवंबर, 2023 के बाद से लाल सागर के जहाजों पर हो रहे हमलों की कड़े शब्दों में निंदा की गई है और हूती विद्रोहियों से ऐसे सभी हमलों को तुरंत रोकने की मांग की है, जो वैश्विक व्यापार में बाधा डालते हैं। यूएन के इस प्रस्ताव पर हूतियों का भी जवाब आ गया है। उन्होंने इस प्रस्ताव का राजनीतिक चाल कहते हुए खारिज कर दिया है।
यूएन ने अपने प्रस्ताव में कहा है कि अंतरराष्ट्रीय कानून के अनुसार, व्यापारी और वाणिज्यिक जहाजों द्वारा नौवहन अधिकारों और स्वतंत्रता के प्रयोग का सम्मान किया जाना चाहिए। प्रस्ताव में त्वरित, कुशल और प्रभावी प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने के लिए क्षेत्रीय तनाव में योगदान देने वाले संघर्ष और समुद्री सुरक्षा में व्यवधान सहित मूल कारणों को संबोधित करने की आवश्यकता पर जोर दिया गया है। साथ ही लाल सागर में तनाव की स्थिति को और अधिक बढ़ने से रोकने के लिए सावधानी और संयम बरतने का आह्वान किया गया है। संयुक्त राष्ट्र के तत्वावधान में बातचीत और यमन की शांति प्रक्रिया के लिए निरंतर समर्थन सहित सभी पक्षों द्वारा राजनयिक प्रयासों को प्रोत्साहित करने की बात भी प्रस्ताव में है।
हूतियों ने प्रस्ताव पर क्या कहा – यमन के हूती आंदोलन के नेता मोहम्मद अली अल-हूती ने लाल सागर पर संयुक्त राष्ट्र के प्रस्ताव को राजनीतिक खेल करार देते हुए खारिज कर दिया। उन्होंने ये भी कहा कि अमेरिका लगातार अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन कर रहा है, पहले उस पर कार्रवाई हो। अल-हूती ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, यमनी सशस्त्र बल जो कर रहे हैं वह वैध है और रक्षा के ढांचे के भीतर आता है। उनके सामने आने वाली किसी भी कार्रवाई की प्रतिक्रिया होगी। हम सुरक्षा परिषद से गाजा में इजरायली-अमेरिकी घेराबंदी से 23 लाख लोगों को तुरंत रिहा करने का आह्वान करते हैं। बता दें कि हूतियों ने गाजा युद्ध में फिलिस्तीनियों को समर्थन दिया है और लाल सागर से गुजरने वाले इजरायली जहाजों पर हमला करने का ऐलान किया है।