
अमेरिका में पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर हमले को फिर नाकाम कर दिया गया। इससे पहले जुलाई में एक रैली के दौरान उन्हें गोली मारी गई थी, जो उनके कान पर लगी थी। हालांकि ट्रंप अमेरिका में पहले ऐसे राष्ट्रपति नहीं है, जिनकी हत्या की कोशिश हुई है। अमेरिका में चार राष्ट्रपति मारे जा चुके हैं।
फ्लोरिडा में रविवार दोपहर अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के पास गोली चलने की खबर आई है। हालांकि इसमें वह पूरी तरह से सुरक्षित हैं। ट्रंप की प्रचार टीम और खुफिया सेवा ने यह जानकारी दी। यह साफ नहीं हो सका है कि क्या गोलीबारी ट्रंप को निशाना बनाकर की गई थी या नहीं। अमेरिका खुफिया सेवा ने कहा कि वह मामले की जांच कर रही है। घटना तब हुई जब ट्रंप गोल्फ खेल रहे थे। मामले में एक संदिग्ध को हिरासत में लिया गया है। इससे पहले जुलाई में ट्रंप पर हमला हुआ था, जिसमें वह बाल-बाल बच गए थे। गोली उनके कान में लगी थी। लेकिन यह पहली बार नहीं है जब किसी अमेरिकी राष्ट्रपति या पूर्व राष्ट्रपति पर हमला हुआ हो। चार राष्ट्रपतियों की पद पर रहने के दौरान हत्या कर दी गई।
इन राष्ट्रपतियों की हुई हत्या – अब्राहम लिंकन: 1865 में वाशिंगटन में फोर्ड थिएटर में जॉन विल्क्स बूथ ने उनकी हत्या कर दी थी।
जेम्स गारफील्ड: 1881 में वॉशिंगटन में एक रेलवे स्टेशन पर गारफील्ड को गोली मार दी गई थी। ढाई महीनों तक वह अस्पताल में रहे। लेकिन अंत में उनके घावों ने उनकी जान ले ली।
विलियम मैककिनले: 1901 में न्यूयॉर्क में एक अराजकतावादी ने उनकी हत्या कर दी थी।
जॉन एफ कैनेडी: 1963 में टेक्सास में ली हार्वे ओसवाल्ड की ओर से केनेडी की हत्या की गई थी। तब वह एक बिना छत वाली कार में सवार थे। हालांकि उनकी हत्या से जुड़े कई रहस्य अभी भी बरकरार हैं।
इन राष्ट्रपतियों पर हुए हमले – अमेरिका में चार राष्ट्रपति ऐसे रहे हैं जिन पर पद पर रहने के दौरान या उसके बाद हमले हुए। यह सभी इन हमलों में बच गए।
डोनाल्ड ट्रंप: 13 जुलाई 2024 को पेंसल्वेनिया में एक चुनावी रैली में भाषण के दौरान पूर्व राष्ट्रपति ट्रंप पर हमला हुआ। लगभग 200 मीटर की दूरी से उनके ऊपर हमला किया गया, जिसमें गोली उनके कान में लगी। सुरक्षा अधिकारी उन्हें एक काली एसयूवी में लेकर गए। हमलावर को मौके पर ही मार गिराया गया था।
रोनाल्ड रीगन: रीगन को 1981 में हिल्टन होटल के बाहर गोली मार दी गई थी। तब वह घायल हो गए थे। एक गोली लिमोजीन से टकराकर उनके बायीं बगल के नीचे लगी थी।
जेराल्ड फोर्ड: साल 1975 में तीन सप्ताह से भी कम समय में दो बार उनकी जान लेने की कोशिश हुई। दोनों ही प्रयासों में वह बिना चोट के बच गए।
थियोडोर रूजवेल्ट: 1912 में चुनाव प्रचार के दौरान उनकी छाती में गोली लगी। लेकिन अस्पताल जाने से पहले उन्होंने अपने समर्थकों के बीच भाषण देने पर जोर दिया।
Home / News / रोनाल्ड रीगन, केनेडी, रूजवेल्ट… डोनाल्ड ट्रंप ही नहीं इन अमेरिकी राष्ट्रपतियों पर भी हुए हमले, कुछ बचे तो कुछ की किस्मत रही खराब
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website