Sunday , November 8 2026 4:03 AM
Home / Entertainment / Bollywood / सलमान खान: मेरी जिंदगी पर बायोपिक बनेगी तो बहुत सारे लोग डूब जाएंगे, दूसरों को प्रेशर देता हूं, खुद नहीं लेता

सलमान खान: मेरी जिंदगी पर बायोपिक बनेगी तो बहुत सारे लोग डूब जाएंगे, दूसरों को प्रेशर देता हूं, खुद नहीं लेता


अपने बेबाक और बिंदास अंदाज के लिए मशहूर सलमान खान इन दिनों चर्चा में हैं अपनी हालिया फिल्म ‘मातृभूमि’ को लेकर। बार-बार बदली जाने वाली रिलीज डेट्स के कारण सुर्ख़ियों में रही फिल्म की देरी का कारण बताते हुए उन्होंने एक इवेंट में कहा, ‘आजकल वीएफएक्स को लेकर इतनी बारीकी से जांच होती है कि जहां वीएफएक्स का इस्तेमाल भी नहीं हुआ होता, वहां भी लोग उसे ढूंढने लगते हैं। हम नहीं चाहते थे कि कोई हमारी फिल्म के सीन को जूम करके वीएफएक्स में कमियां निकाले। हमने यह फिल्म लद्दाख में शूट की है और चाहते हैं कि इसके विजुअल्स दर्शकों को अभिभूत कर दें। हमें लगा था कि फिल्म 45 दिनों में पूरी हो जाएगी, लेकिन चित्रांगदा सिंह के साथ हुए हादसे और उनकी फिजियोथेरेपी में लगे समय के कारण शूटिंग में देरी हुई।’
रामायण की चर्चा बजट या VFX पर नहीं, राम-सीता पर हो – बड़े बजट वाली वीएफएक्स से सजी रामायणम् जैसी फिल्म के आसपास अपनी फिल्म रिलीज करने के सवाल पर सलमान खान कहते हैं, ‘देखिए, राम जी की क्या विशेषताएं थीं? वे एक उत्कृष्ट पति, पुत्र, योद्धा, भाई और राजा थे। मेरे किरदार में भी ये सारी खूबियां हैं। हमारी फिल्म की एक खासियत यह भी है कि हमने 75 साल से अधिक उम्र के दर्शकों के लिए टिकट की कीमत महज 11 रुपये रखी है। रामायण’ रिलीज के बाद से ही शानदार प्रतिक्रियाएं बटोर रही है। हालांकि, सलमान खान का मानना है कि फिल्म की चर्चा उसके बजट और वीएफएक्स के बजाय उसकी कहानी और किरदारों पर होनी चाहिए।’
मुझे लगता है कि रामायणा की चर्चा उसके वीएफएक्स और निर्माण लागत के बजाय उसकी कहानी को लेकर होनी चाहिए। यह नैरेटिव बनाना कि फिल्म का बजट 4000 करोड़ है और बस वीएफएक्स, वीएफएक्स, वीएफएक्स की चर्चा करना सही नहीं है। रामायण की चर्चा राम, रावण और सीता के बारे में होनी चाहिए। सलमान खान, एक्टर
हम भी बनने वाले थे राम-लक्ष्मण – सलमान खान ने यह बताना भी नहीं भूले कि करीब दो दशक पहले वह और उनके भाई सोहेल खान भी राम और लक्ष्मण की भूमिका निभाने वाले थे। वह बताते हैं, ‘आपको याद होगा कि करीब 20 साल पहले हम भी ऐसी ही एक फिल्म करने वाले थे। एक रात हम कहीं से निकल रहे थे, तभी आप मीडिया वालों ने हमारे सिर पर मुकुट रखकर तस्वीरें खींच लीं और अगले दिन खबर छाप दी कि ये हैं राम और लक्ष्मण। इसके बाद हमने वह फिल्म वहीं बंद कर दी थी।’
स्क्रिप्ट में बदलाव को लेकर सरकार का दबाव नहीं था – सलमान ने यह भी स्पष्ट किया कि फिल्म की स्क्रिप्ट में बदलाव को लेकर सरकार की तरफ से कोई दबाव नहीं था। उनके मुताबिक, यह खबर भी पूरी तरह बेबुनियाद है कि स्क्रिप्ट दोबारा लिखी गई। वे कहते हैं, ‘हमने आर्मी पर फिल्म बनाई है और दिखाया है कि सैनिकों के परिवार किन मुश्किलों से गुजरते हैं। दोनों तरफ के हालात कैसे होते हैं। इसमें कोई नकारात्मक ताकत नहीं, बल्कि हालात हैं। फिल्म में दिखाया गया है कि आर्मी के जवानों के लिए देश सबसे पहले आता है। दोनों तरफ के लोग एक-दूसरे को पसंद करते हैं, लेकिन जब हालात बिगड़ते हैं, तो वे देश को चुनते हैं। दोनों ही पक्ष मामले को सुलझाने की कोशिश करते हैं।’ फिल्म को लेकर किसी भी तरह के दबाव से इनकार करते हुए सलमान ने अपने चुटीले अंदाज में कहा, ‘मैं जिंदगी का प्रेशर दूसरों को देता हूं, खुद नहीं लेता।’