
लंदनः लंदन में एक स्टोर में रखी एक सैंडल की सुरक्षा का एेसा तरीका अपनाया गया है कि जानकर आप हैरान रह जाएंगे। यह शायद दुनिया का इकलौता ऐसा स्टोर है, जिसमें बेशकीमती रत्नों से जड़ी सैंडल की सुरक्षा की जिम्मेदारी खतरनाक कोबरा सांप को सौंपी गई है। वर्ष 2007 में ब्रिटेन के लंदन के स्टोर ‘हैरोड्स’ में रखी गई रूबी लगी सैंडल अभी भी सुरक्षित है। इस स्टोर के इतिहास को एक टीवी डॉक्युमेंट्री में दिखाया गया है।
स्टोर के पूर्व सुरक्षा गार्ड उस समय को याद करते हुए कहते हैं कि वह एक असाधारण अनुभव था। उनके मुताबिक, उस समय यह स्टोर में सबसे ज्यादा महंगी चीज थी। अनुमान के मुताबिक, 2007 में रूबी लगे सैंडल की कीमत 5 लाख पाउंड यानी करीब 4.70 करोड़ रुपए थी। इसके अलावा भी कई महंगी वस्तुएं स्टोर में उपलब्ध थीं, जिन्हें खरीदने के लिए लोग वहां आते थे। 150 से भी ज्यादा साल पुराने इस स्टोर में 1898 में एस्केलेटर लगाई गई थी, जो ब्रिटेन में पहली थी। इन सीढ़ियों पर चढ़ने वक्त ग्राहक अक्सर थोड़ा तनाव महसूस करते थे। इसलिए उन्हें सहज बनाए रखने के लिए पुरुषों को एक गिलास ब्रांडी (शराब) दी जाती थी और महिलाओं को बेहोशी से बचाने के लिए नमक सुंघाया जाता था।
लंदन का यह स्टोर अमीर लोगों में खासतौर से काफी लोकप्रिय है। इसकी शुरुआत 1849 में हुई थी और अब इसके 330 रिटेल स्टोर हैं, जिनमें 12 हजार से भी ज्यादा लोग काम करते हैं। माना जाता है कि डेढ़ करोड़ से ज्यादा लोग हर साल यहां से हीरे-जवाहारात आदि खरीदने के लिए आते हैं। यहां बच्चों के लिए भी महंगे खिलौने का अलग से एक बड़ा सेक्शन है। प्रिंस विलियम्स और हैरी भी बचपन में यहां वीडियो गेम खेलने के लिए आया करते थे।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website