
लंदनः इंग्लैंड के स्टार आलराउंडर बेन स्टोक्स आस्ट्रेलिया के खिलाफ आगामी 14 जनवरी से शुरु होने वाली एकदिवसीय सीरीज से हट गए हैं और अब उनकी जगह डेविड मलान को टीम में शामिल किया गया है। स्टोक्स को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाली वनडे सीरीज के लिए इंग्लैंड की 16 सदस्यीय टीम में चुना गया था। लेकिन ब्रिटेन के अधिकारी सितंबर में ब्रिस्टल के एक बार के बाहर देर रात किए गए उनके झगड़े की जांच कर रहे हैं।
इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) ने सोमवार को इसकी जानकारी देते हुए बताया कि स्टोक्स टीम के साथ आस्ट्रेलिया दौरे पर नहीं जाएंगे और अब टीम में उनकी उपस्थिति पुलिस जांच की रिपोर्ट पर निर्भर करेगी। इंग्लैंड की टीम वनडे सीरीज के लिए मंगलवार को आस्ट्रेलिया रवाना होगी।
ईसीबी ने साथ ही कहा कि स्टोक्स को भारत में आयोजित होने वाले इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में खेलने की इजाजत दी गई है। स्टोक्स को सितंबर में गिरफ्तार किया गया था और फिर वह जमानत पर रिहा हुए थे। उसके बाद उन्होंने इस माह दिसंबर में न्यूजीलैंड में घरेलू टी-20 सीरीज से क्रिकेट में वापसी की थी।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website