
पहली बार एक भारतीय प्रधानमंत्री ब्रुनेई की यात्रा पर जाएंगे। सुल्तान हसनल बोलकिया के निमंत्रण पर पीएम मोदी ब्रुनेई का दौरा करेंगे। ब्रुनेई एशिया का एक देश है। यहां सुल्तान 50 वर्षों से ज्यादा समय से शासन कर रहे हैं। 3-4 सितंबर को पीएम मोदी ब्रुनेई में रहेंगे।
बंदर सेरी बेगावान: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 3 और 4 सितंबर को ब्रूनेई की यात्रा करेंगे। यह एक ऐतिहासिक दौरा होने वाला है। क्योंकि पीएम मोदी पहले भारती प्रधानमंत्री होंगे जो ब्रुनेई जाने वाले हैं। दोनों देशों के बीच संबंधों को मजबूत करने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। भारत की ओर से कहा गया कि महामहिम सुल्तान हसनल बोलकिया के निमंत्रण पर पीएम मोदी 3-4 सितंबर के दौरान ब्रुनेई का दौरा करेंगे। ब्रुनेई एशिया में सिंगापुर और फिलीपीन के बीच में बसा देश है। 1984 में इसे यूनाइटेड किंगडम से आजादी मिली। 1968 से अब तक हसनल बोलकिया इब्नी उमर अली सैफुद्दीन III ब्रुनेई के सुल्तान हैं।
सुल्तान की संपत्ति 30 अरब डॉलर के करीब है, जो उन्हें दुनिया के सबसे अमीर लोगों में से एक बनाता है। वह वर्तमान में सबसे लंबे समय तक पद पर रहने वाले किसी देश के प्रमुख हैं। 2017 में सुल्तान ने अपनी 50वीं वर्षगांठ मनाई। इस तरह वह महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के बाद इतिहास में सबसे लंबे समय तक शासन करने वाले सम्राट बन गए। हसनल बोलकिया का जन्म 16 जुलाई 1946 को हुआ था। सुल्तान ने कुआलालंपुर में विक्टोरिया इंस्टीट्यूशन से अपनी हाई स्कूल की पढ़ाई की। इसके बाद 1967 में यूके में रॉयल मिलिट्री अकादमी से स्नातक की उपाधि हासिल की।
दुनिया का सबसे बड़ा महल – अगस्त 1968 में वह सिंहासन पर बैठे। सुल्तान ने अपने देश को आगे बढ़ाने के लिए उसे आसियान और संयुक्त राष्ट्र का हिस्सा बनाया। सम्राट को उनकी लग्जरी लाइफस्टाइल के लिए जाना जाता है। सुल्तान की आय का सबसे बड़ा स्रोत तेल और प्राकृतिक गैस का भंडार है। ब्रुनेई के सुल्तान एक महल में रहते हैं। महल का नाम इस्ताना नुरुल ईमान पैलेस है जो 1984 में देश की ब्रिटिश शासन से आजादी की याद में बनाया गया था। दुनिया के सबसे बड़े आवासीय महल के रूप में यह गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रेकॉर्ड्स में शामिल है। 20 लाख वर्ग फुट की जगह यह कवर करता है। महल के गुंबद को 22 कैरेट सोने से सजाया गया है। इस महल की कीमत 2550 करोड़ रुपए से ज्यादा की मानी जाती है। इसमें पांच स्वीमिंग पूर, 257 बाथरूम और 1700 से ज्यादा कमरे हैं। 110 गैरेज के अलावा एयर कंडीशनिंग के साथ 200 घोड़ों का खलिहान है।
सुल्तान के पास हैं ये चीजें – डेली मेल का दावा है कि सुल्तान ने अपने इस्तेमाल के लिए बोइंग 747 विमान में करीब 3000 करोड़ रुपए निवेश किए हैं। इसमें सोने का वॉशबेसिन जैसे अतिरिक्त सामान जोड़े गए, जिनकी कीमनत 120 मिलियन डॉलर थी। दावा यह भी किया जाता है कि उन्होंने अपनी बेटी को जन्मदिन के तोहफे में एयरबस A340 दिया था।
रिपोर्ट के मुताबिक सुल्तान के पास दुनिया की सबसे दुर्लभ कारों का कलेक्शन है। इसमें सोने की परत चढ़ीं रोल्स रॉयस भी शामिल है। कथित तौर पर उनके पास 7000 वाहनों का बेड़ा है, जिसकी अनुमानित कीमत 5 अरब डॉलर है। उनके पास 300 फरारी और 500 रोल्स रॉयस हैं।
GQ की रिपोर्ट के मुताबिक सुल्तान के पास अपना खुद का चिड़ियाघर है। इसमें 30 बंगाल टाइगर हैं। यहां कॉकटू, फ्लेमिंगो और बाज़ भी रहते हैं।
Home / Uncategorized / सोने के महल में रहते हैं ब्रुनेई के किंग, पहली बार भारतीय पीएम से अपनी जमीन पर करेंगे मुलाकात, जानें कैसे मालामाल हुए सुल्तान हसनल
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website