
मैंड्रिडः यूरोप में मानव तस्करी का एक अजीब मामला सामने आया है । जानकारी के अनुसार अब तक सीरिया, ईराक में चल रही उथल-पुथल की वजह से इन देशों में माइग्रेंट्स के घुसने की घटनाएं सामने आ रही थीं। लेकिन ताजा मामला स्पेन का है जहां घुसपैठ के लिए ऐसे अनोखे तरीके का इस्तेमाल किया गया कि मामला सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। स्पेन के मेलिला में एक कार सवार गाड़ी के ऊपर दो गद्दे लेकर जा रहे था। पुलिस ने शक के आधार पर कार को रोका और अवैध अप्रवासियों की जांच की।
गद्दे के हिलने से पुलिस को दाल में कुछ काला लगा। इससे पहले कि पुलिस गद्दों की जांच करती, कार का ड्राइवर गाड़ी छोड़कर फरार हो गया। इसके बाद दो पुलिसकर्मियों ने गद्दों को नीचे उतारकर उन्हें चाकू से चीरकर देखा तो उनके होश उड़ गए। स्थानीय मीडिया के मुताबिक कार के ऊपर लगे गद्दों को चाकू से चीरा गया तो उनमें से 2 अफ्रीकी अप्रवासी निकाले। ये दोनों यूरोप में अवैध रूप से घुसने की कोशिश कर रहे थे। रिपोर्टों के मुताबिक, माना जा रहा है कि पहली बार इस तरह से प्रवासियों के सीमा पार करने का मामला सामने आया है।
कहा जा रहा है क्रिमनल गैंग इस तरीके को बड़े पैमाने पर इस्तेमाल कर रहे होंगे। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है जिसमें सीमा पर तैनात गार्ड चाकू के जरिए गद्दे को काटते नजर आते हैं। जैसे ही गद्दे को काटा गया अचानक दो लोग उसमें से बाहर निकल गए। गद्दे में बंद किए जाने के बावजूद दोनों युवक की स्वास्थ्य ठीक थी और उन्हें किसी प्रकार की मेडिकल सहायता की जरूरत नहीं हुई।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website