Wednesday , November 19 2025 1:51 AM
Home / Uncategorized / दिल्ली में बाढ़ का खतरा… 10,000 लोग विस्थापित, यमुना को लेकर हाई अलर्ट, पढ़ें 5 बड़ी बातें

दिल्ली में बाढ़ का खतरा… 10,000 लोग विस्थापित, यमुना को लेकर हाई अलर्ट, पढ़ें 5 बड़ी बातें


दिल्ली में यमुना नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। भारी बारिश के कारण नदी में जलस्तर बढ़ गया है। निचले इलाकों में बाढ़ का पानी भर गया है, जिससे 10,000 लोग विस्थापित हुए हैं। प्रभावित लोगों को राहत शिविरों में पहुंचाया जा रहा है।
पहाड़ी व मैदानी इलाकों में हो रही भारी बारिश के कारण यमुना नदी उफान पर है और खतरे के निशान को पार कर चुकी है। निचले इलाकों में बाढ़ का पानी भर गया है, वहां के लोगों को मयूर विहार फेस-1 में बने राहत शिविरों में शिफ्ट किया गया है। वहीं गाजियाबाद, नोएडा और गुरुग्राम की सड़कों पर भयंकर जलभराव देखने को मिल रहा है।
दिल्ली में बाढ़ का खतरा – हरियाणा के हथिनीकुंड बैराज से मंगलवार सुबह एक लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया, रात 10 बजे तक यह आंकड़ा दो लाख क्यूसेक के करीब पहुंच गया। अधिकारियों का कहना है कि नदी में पानी का स्तर अगले कुछ दिनों तक बढ़ा रहेगा। जिससे दिल्ली में बाढ़ का खतरा लगातार मंडरा रहा है। बुधवार सुबह दिल्ली में यमुना का जलस्तर 206.22 मीटर को पार पहुंच चुका है, जबकि 207 मीटर के स्तर को छूने के आसार हैं। सोमवार को हिमालय में भारी बारिश के कारण हथिनीकुंड बैराज से तीन लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया था।
10,000 लोग हुए विस्थापित – दिल्ली में निचले इलाकों में पानी भरने के कारण 10,000 लोग विस्थापित हो चुके हैं। कुछ लोगों को राहत शिविरों में शिफ्ट किया गया है। डीएम ईस्ट अमोल श्रीवास्तव ने बताया कि एनडीएमए को अलर्ट कर दिया गया है। रेलवे ने भी सुरक्षा के मद्देनजर पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों की गति कम कर दी है।
खतरे के निशान के ऊपर बह रही यमुना – दिल्ली में फिलहाल यमुना खतरे के निशान के ऊपर बह रही है। पूरे दिल्ली-एनसीआर में भारी बारिश का कहर देखने को मिल रहा है। बारिश और जलभराव के कारण दिल्ली-एनसीआर का ट्रैफिक सिस्टम भी पूरी तरह चौपट हो गया है। सड़कों पर लंबा-लंबा जाम देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग ने उधर यूपी-उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश में पूरे उत्तर भारत में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।