
इजरायल की खुफिया एजेंसी मोसाद के चीफ डेविड बार्निया ने कहा कि हमास के सभी प्रमुख कमांडरों को खत्म करने के लिए उनका देश प्रतिबद्ध है। बुधवार को बार्निया ने कहा कि 7 अक्टूबर को गाजा से आए हत्यारों और हमलों की योजना बनाने वालों से हिसाब बराबर करने के लिए इजरायल प्रतिबद्ध है। बार्निया का ये बयान लेबनान में हमास के डिप्टी लीडर सालेह अल अरौरी के मारे जाने के एक दिन बाद आया है। इजरायल ने सालेह पर हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है। इस बीच विदेशी खुफिया सेवा के प्रमुख ने हमास नेताओं को ट्रैक करने और मारने की कसम खाई है।
बार्निया ने मोसाद के पूर्व निदेशक जवी जमीर के अंतिम संस्कार में बोलते हुए हमास को खत्म करने की बात कही। उन्होंने कहा, म्यूनिख नरसंहार के बाद की कार्रवाई की तरह हमास को खत्म करने में समय लगेगा लेकिन जहां भी वे होंगे, हम उनको ढूंढ़ेंगे। हर अरब मां को पता होना चाहिए कि अगर उसके बेटे ने 7 अक्टूबर के नरसंहार में प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से भाग लिया, तो उसका खून उसके लिए जिम्मेदार होगा। डेविड बार्निया का बयान इसलिए भी अहम है क्योंकि वही इजरायल की ओर से युद्धविराम की बातचीत में भी शामिल हैं। हाल ही में कतर और मिस्र की मध्यस्थता के जरिए उन्होंने इस पर बातचीत की थी।
इजरायल लगातार कह रहा है हमास को खत्म करने की बात – हाल के महीनों में इजरायली अधिकारियों ने म्यूनिख के बाद शुरू किए गए अभियान को दोहराने का वादा किया है, जिसके कारण यूरोपीय देशों, उत्तरी अफ्रीका और लेबनान में एक दर्जन से अधिक हत्याएं हुईं। इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और आंतरिक सुरक्षा सेवा शिन बेट के प्रमुख रोनेन बार दोनों ने जनता और सांसदों से विदेशों में हमास नेताओं की तलाश करने का वादा किया है।
Home / News / हमास के एक-एक कमांडर को ढूंढ़कर मारेंगे… अल-अरौरी की मौत के बाद मोसाद चीफ डेविड बार्निया का बड़ा ऐलान
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website