Friday , August 8 2025 6:32 PM
Home / News / कौन हैं मिस्टर सिन्हा जिनके एक ट्वीट ने करा दिया भारत-मालदीव के बीच विवाद, कहां से भड़की आग?

कौन हैं मिस्टर सिन्हा जिनके एक ट्वीट ने करा दिया भारत-मालदीव के बीच विवाद, कहां से भड़की आग?


भारत और मालदीव के बीच तनाव चल रहा है। मालदीव के तीन मंत्रियों की ओर से भारत और पीएम मोदी को लेकर आपत्तिजनक ट्वीट किया गया। जिसने दोनों देशों के बीच विवाद बढ़ा दिया। लेकिन यह सबकुछ आखिर शुरू कैसे हुआ? दरअसल पीएम मोदी ने जनवरी के पहले सप्ताह में लक्षद्वीप का दौरा किया था। उनके इस दौरे का एक वीडियो राजनीतिक टिप्पणीकार रौशन सिन्हा ने एक्स पर मिस्टर सिन्हा नाम के ट्विटर हैंडल से शेयर किया। इसमें उन्होंने लिखा, ‘क्या बढ़िया कदम है! यह मालदीव की नई चीनी कठपुतली सरकार के लिए एक बड़ा झटका है। साथ ही इससे लक्षद्वीप के पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।’
रौशन अपने पोस्ट में भारत की तारीफ रहे थे, लेकिन इससे मालदीव की युवा अधिकारिता, सूचना और कला उप मंत्री मरियम शिउना भड़क गईं। मालदीव की मंत्री ने सिन्हा की पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए पीएम मोदी पर आपत्तिजनक कमेंट किए। हालांकि मालदीव में सत्ताधारी पार्टी के दो अन्य नेताओं के साथ उन्हें सस्पेंड कर दिया गया है। हालांकि सिन्हा ने पीएम मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक शब्द के बाद मालदीव को जमकर लताड़ लगाई।
मालदीव के नहीं खिलाफ – उन्होंने लिखा, ‘मुझे लगता है कि यह मालदीव तक पहुंच गया और कुछ लोग इससे काफी नाराज है। मैं साफ करना चाहूंगा कि हम मालदीव के खिलाफ नहीं हैं, बल्कि आपकी नई सरकार के खिलाफ हैं, जो चीन के पक्ष में और भारत के खिलाफ है।’ मालदीव और भारत के बीच बढ़े हुए तनाव के बाद विदेश मंत्रालय की ओर से मालदीव के उच्चायुक्त को तलब किया गया था। सिन्हा ने कहा कि जब मालदीव के राष्ट्रपति चीन में हैं, तब उच्चायुक्त को बुलाना एक बड़ा मैसेज है।
मिल रही है धमकी – मिस्टर सिन्हा बिहार के रहने वाले हैं। फिलहाल वह गुजरात में अपना कारोबार करते हैं। सोशल मीडिया पर वह भारत की राजनीति, भूराजनीति और विदेश नीति को लेकर लिखते रहते हैं। हालांकि उनके कई पुराने अकाउंट सस्पेंड भी होते रहे हैं। एक रिपोर्ट के मुताबिक उन्होंने कहा कि जब से मालदीव से जुड़ा विवाद शुरू हुआ है, तब से उन्हें इनबॉक्स में जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं।