
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने लोकसभा के नियमों में बड़ा बदलाव किया है। इस बदलाव के बाद लोकसभा सांसद आगामी बजट सत्र से केवल अपनी निर्धारित सीटों से ही हाजिरी लगा पाएंगे। अटेंडेंस प्रक्रिया में इस बदलाव का मकसद सांसदों को सदन की कार्यवाही में सक्रिय रूप से भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करना है।
लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने मंगलवार को बताया कि आगामी बजट सत्र से लोकसभा सांसद केवल अपने निर्धारित सीटों से ही अपनी हाजिरी लगा पाएंगे। जबकि पहले सदस्य लॉबी से अटेंडेंस लगा सकते थे, अब इस व्यवस्था को बंद कर दिया जाएगा, ताकि सासंदों को सदन की कार्यवाही में सक्रिय रूप से भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया जा सके।
ओम बिरला ने लखनऊ में 86वीं अखिल भारतीय पीठासीन अधिकारियों के सम्मेलन के मौके पर पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि संसद में गंभीरता और अनुशासन की जरूरत है। उन्होंने कहा कि अब सांसद केवल तभी अपनी उपस्थिति दर्ज करा पाएंगे जब सदन चल रहा होगा। अगर सदन स्थगित हो जाता है, तो वे हाजिरी नहीं लगा पाएंगे, इसके लिए भले ही स्थगन हंगामे के कारण हुआ हो। बजट सत्र 28 जनवरी से शुरू हो रहा है।
इस फैसले का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि सांसदों की हाजिरी केवल संसद परिसर में उनकी मौजूदगी को नहीं, बल्कि कार्यवाही में उनकी सक्रिय भागीदारी को दर्शाए। इसके लिए लोकसभा में हर सीट पर ऐसे कंसोल लगाए गए हैं, जिनसे सांसद अपनी उपस्थिति दर्ज करा सकते हैं। स्पीकर ने बताया कि यह सुधार संसदीय प्रक्रियाओं को आधुनिक बनाने और विधायी सत्रों की उत्पादकता बढ़ाने के व्यापक प्रयासों का हिस्सा है।
Home / Uncategorized / लोकसभा के अटेंडेंस नियमों में किया गया बड़ा बदलाव, अब सदन में अपनी सीट से ही लगेगी हाजिरी
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website