Saturday , March 7 2026 11:02 AM
Home / Uncategorized / ड्रोन, मिसाइल, रॉकेट एक हमले में सब तबाह… इजरायल को आयरन बीम लेजर वेपन पर बड़ी सफलता, IDF ने किया ऐलान

ड्रोन, मिसाइल, रॉकेट एक हमले में सब तबाह… इजरायल को आयरन बीम लेजर वेपन पर बड़ी सफलता, IDF ने किया ऐलान


इजरायल के रक्षा मंत्रालय ने अपने एयर डिफेंस सिस्टम को लेकर अहम ऐलान किया है। मंत्रालय ने बताया है कि इजरायल का लेजर आयरन बीम डिफेंस सिस्टम चालू हो गया है। आने वाले महीनों में इस अत्याधुनिक सिस्टम की बैटरियों की तैनाती की जाएगी। यह इजरायल के एयर डिफेंस और लेजर रक्षा प्रणालियों में अहम प्रगति है। हूती विद्रोहियों और ईरान समेत कई मोर्चों से खतरे का सामना कर रहे इजरायल को इससे बड़ी मदद मिलेगी।
इजरायल का नया आयरन बीम ड्रोन के अलावा मिसाइलों, रॉकेटों और मोर्टारों को मार सकता है। इससे यह धीमी गति से चलने वाले खतरे यानी केवल ड्रोन को मार गिराने की तुलना में कहीं अधिक शक्तिशाली हो जाता है। इजरायल ने साफ किया है कि आयरन बीम बैटरियों का उत्पादन और तैनाती बड़े पैमाने पर की जाएगी। इसे कुछ खास जगह तक सीमित नहीं किया जाएगा।
इजरायल की सरकार और सेना (आईडीएफ) को इस नए सिस्टम से बड़ी उम्मीद है। आयरन बीम से हवाई खतरों को मार गिराने में लागत कम होगी। एरो इंटरसेप्टर दागने में लाखों शेकेल (इजरायली करेंसी) खर्च होते हैं। आयरन डोम इंटरसेप्टर में ये खर्च घटकर हजारों शेकेल रह जाएगा। इजरायली सुरक्षा अधिकारियों ने कहा है कि आयरन बीम एक साथ कई हवाई खतरों का मुकाबला करेगा। यह एक बार में एक या दो खतरे को गिराने तक सीमित नहीं है। इजरायली अधिकारियों का कहना है कि आयरन बीम, आयरन बीम एम और लाइट बीम जैसे लेजरों का एक बड़ा फायदा यह है कि ये दुश्मन के रॉकेट और ड्रोन को खतरे की प्रक्रिया में बहुत पहले ही मार गिरा सकते हैं। इसका मतलब है कि इसके इस्तेमाल में ज्यादातर समय किसी सायरन चेतावनी या बम आश्रयों की आवश्यकता नहीं होगी।