Thursday , September 10 2026 9:51 PM
Home / Uncategorized / ‘ईरान अब ज्यादा टिक नहीं सकता, मिड-टर्म चुनाव के तुरंत बाद खत्म हो जाएगा युद्ध’, ट्रंप का बड़ा बयान

‘ईरान अब ज्यादा टिक नहीं सकता, मिड-टर्म चुनाव के तुरंत बाद खत्म हो जाएगा युद्ध’, ट्रंप का बड़ा बयान


राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि अमेरिका में होने वाले मध्यावधि चुनावों के ठीक बाद ईरान के साथ युद्ध खत्म हो जाएगा। अमेरिका में आगामी नवम्बर में मिड-टर्म चुनाव होने वाले हैं। ट्रंप ने तर्क दिया कि ईरान इस टकराव को ज्यादा समय तक जारी नहीं रख पाएगा। ट्रंप ने यह दावा ऐसे समय में किया है जब मध्य पूर्व में अमेरिका और ईरान के बीच नए सिरे से तनाव बढ़ रहा है। ट्रंप ने तेहरान पर अमेरिकी चुनावों को प्रभावित करने का भी आरोप लगाया।
ट्रंप ने डलास में रिपब्लिकन नेशनल कन्वेंशन के लिए रवाना होने से पहले यह बात कही। अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा, “मुझे लगता है कि चुनाव के तुरंत बाद युद्ध खत्म हो जाएगा।” उन्होंने अपनी बात को फिर से दोहराया और कहा कि ईरान और “अब ज्यादा समय तक टिक नहीं पाएगा।”
ईरान पर चुनावों में हस्तक्षेप का लगाया आरोप – ट्रंप ने आरोप लगाया कि ईरान नवम्बर में होने वाले अमेरिकी मिड-टर्म चुनाव को प्रभावित करने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने कहा, तेहरान चुनाव में ऐसे कमजोर लोगों के गुट को चाहता है तो जो ईरान को परेशान न करें और उसे परमाणु हथियार बनाने दें। ट्रंप ने कहा, वे बस परमाणु हथियार चाहते हैं। अगर उनके पास परमाणु हथियार आ गए, तो पूरी दुनिया बड़ी मुश्किल में पड़ जाएगी।
ट्रंप की यह टिप्पणियां ऐसे समय में आई हैं, जब हाल के दिनों में अमेरिका और ईरान ने एक दूसरे के ठिकानों पर हमले किए हैं। ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड (IRGC) ने बुधवार को कहा कि उसने अमेरिका के दो जहाजों, 8 तेल टैंकरों और 10 अन्य जहाजों पर हमला किया है, जो होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने की कोशिश कर रहे थे। यह जलमार्ग खाड़ी देशों से दुनिया की तेल और गैस सप्लाई के लिए अहम रास्ता है।
बातचीत में परमाणु कार्यक्रम के अलावा भी बहुत कुछ – ईरान के साथ बातचीत पर ट्रंप ने कहा कि यह तेहरान के परमाणु कार्यक्रम से कहीं ज्यादा है। उन्होंने कहा, मैं परमाणु समझौते से कहीं ज्यादा कुछ कर रहा हूं। परमाणु मुद्दे के अलावा भी बहुत कुछ है। परमाणु मुद्दा तो होगा ही, यह 99.9% पक्का है, लेकिन बातचीत की मेज पर और भी कई चीजें होंगी। ट्रंप ने हालांकि, बातचीत की संभावना को पूरी तरह खारिज नहीं किया लेकिन कहा कि अमेरिका तेहरान के साथ सक्रिय रूप से बातचीत की कोशिश नहीं कर रहा है।