Saturday , March 28 2026 7:14 AM
Home / Uncategorized / तुर्की पहुंची युद्ध की चिंगारी, ईरान के बैलिस्टिक मिसाइल दागने से तनाव, एर्दोगन की कड़ी चेतावनी

तुर्की पहुंची युद्ध की चिंगारी, ईरान के बैलिस्टिक मिसाइल दागने से तनाव, एर्दोगन की कड़ी चेतावनी


तुर्की ने दावा किया है कि उसकी ओर बढ़ रही ईरानी मिसाइल को नाटो के एयर डिफेस सिस्टम ने रोका है। तुर्की के रक्षा मंत्रालय ने कहा है कि ये मिसाइल इराक और सीरिया के हवाई क्षेत्र से गुजरते हुए तुर्की की हवाई सीमा की ओर आ रही थी। ऐसे में पूर्वी भूमध्य सागर में तैनात नाटो के एयर डिफेंस सिस्टम ने ईरान की इस बैलिस्टिक मिसाइल को नष्ट कर दिया। तुर्की नाटो का सदस्य है। इस सैन्य गठबंधन के एयर डिफेंस ने मिसाइल को गिराया। तुर्की की एर्दोगन सरकार ने इस पर कड़ा एतराज जताया है।
ईरान की इजरायल और अमेरिका से शनिवार से चल रही जंग में यह पहली बार है, जब तुर्की की तरफ ईरान की कोई मिसाइल गई है। तुर्की उत्तर-पश्चिम में ईरान का पड़ोसी है। तुर्की इस संघर्ष की चपेट में आया सबसे नया देश है। ईरान, अमेरिका और इजरायल के इस संघर्ष से सऊदी अरब, यूएई, बहरीन, कुवैत, कतर जैसे कई देश पहले ही प्रभावित है।
तुर्की ने सभी पक्षों को चेताया – तुर्की के रक्षा मंत्रालय ने बताया है कि बैलिस्टिक मिसाइल को रोकने वाली एयर डिफेंस मिसाइल का मलबा दक्षिण-पूर्वी तुर्की में हाटे प्रांत के डोर्ट्योल जिले में गिरा है। इस घटना में किसी को चोट नहीं आई हैं। मंत्रालय ने राहत जताते हुए कहा कि घटना में कोई हताहत नहीं हुआ।
तुर्की ने इस घटना के बाद कहा है कि हम सभी पक्षों को ऐसे कदम उठाने से बचने की सलाह देते हैं, जिससे क्षेत्र में संघर्ष और ज्यादा फैलने का खतरा पैदा हो। तुर्की रक्षा मंत्रालय ने यह भी कहा कि इस मामले में हम नाटो और अपने दूसरे सहयोगियों से सलाह-मशविरा करते रहेंगे।
हम सभी जरूरी कदम उठाएंगे: तुर्की – तुर्की ने कहा है कि हम अपने क्षेत्र और एयरस्पेस की रक्षा के लिए सभी जरूरी कदम बिना किसी हिचकिचाहट के उठाएंगे। हम सभी पक्षों को याद दिलाते हैं कि हम अपने देश के खिलाफ किसी भी दुश्मनी भरी कार्रवाई का जवाब देने का अधिकार रखते हैं। ऐसे में सभी पक्ष संयम बरतें।
ईरान पर शनिवार को अमेरिका और इजरायल ने हमला किया था। इसके बाद इस क्षेत्र का बड़ा हिस्सा इस संघर्ष की चपेट में आ गया है। अपने ऊपर हुए हमलों का जवाब देते हुए ईरान ने अरब देशों में अमेरिका के सैन्य ठिकानों पर हमले किए हैं। इस लड़ाई से दुनिया का बड़ा हिस्सा प्रभावित है।