Saturday , May 9 2026 2:26 AM
Home / News / बलूचिस्तान में पाकिस्तानी सेना की नाक के नीचे से 20 मजदूरों का अपहरण, सिंध से काम करने आए थे

बलूचिस्तान में पाकिस्तानी सेना की नाक के नीचे से 20 मजदूरों का अपहरण, सिंध से काम करने आए थे

बलूचिस्तान में विद्रोही गुट लगातार पाकिस्तानी सेना और सरकार को चुनौती दे रहे हैं। एक बार फिर हथियारबंद लोगों ने सुरक्षा के बीच चल रहे प्रोजेक्ट से मजदूरों का अपहरण किया है।
पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में 20 मजदूरों का अपहरण कर लिया गया है। ये मजदूर खुजदार जिले में एक निर्माण कंपनी में काम कर रहे थे। शुक्रवार को अज्ञात बंदूकधारियों ने साइट पर धावा बोला और बंदूक की नोक पर यहां काम कर रहे 20 लोगों का अपहरण कर ले गए। अपहृत किए गए मजदूर सिंध प्रांत के थे, जो काम करने बलूचिस्तान आए थे। सुरक्षा अधिकारियों ने बताया कि हथियारबंद लोगों ने 20 मजदूरों का अपहरण करने के साथ ही साइट पर मौजूद कारों, ट्रकों और मशीनों को आग लगा दी।
एक्सप्रेस ट्रिब्यून की रिपोर्ट के मुताबिक, स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि निर्माणस्थल साइट पर सुरक्षा गार्ड तैनात थे। हथियारबंद लोगों ने पहले यहां मौजूद सुरक्षा गार्ड को काबू किया और फिर श्रमिकों का अपहरण कर अज्ञात स्थान पर ले गए। पुलिस और एजेंसियों ने मजदूरों की तलाश की बात कही है। फिलहाल मजदूरों का पता नहीं चल सका है। फिलहाल किसी समूह ने हमले और मजदूरों के अपहरण की जिम्मेदारी नहीं ली है।