Monday , November 23 2026 3:14 PM
Home / Business & Tech / केबल से अंधेरे कमरों में पहुंचेगी छत की असली धूप, बिना बिजली-बैटरी चलेगी सोलर लाइटिंग तकनीक, समझें कैसे

केबल से अंधेरे कमरों में पहुंचेगी छत की असली धूप, बिना बिजली-बैटरी चलेगी सोलर लाइटिंग तकनीक, समझें कैसे


उन कमरों या बेसमेंट जैसी जगहों पर जहां प्राकृतिक तौर पर धूप नहीं पहुंचती, को असल धूप से रोशन किया जा सकता है। स्वीडन की कंपनी पारंस सोलर लाइटिंग ने ऐसी तकनीक बनाई है जिसकी मदद से छत या आंगन से धूप को ऑप्टिकल फाइबर केबल के जरिए अंधेेरे कमरों या कई मंजिल नीचे बेसमेंट जैसी जगहों पर पहुंचाया जा सकता है।​
आजकल कई इमारतों में खिड़कियां या अच्छी धूप आने का रास्ता नहीं होता और दिन होते हुए भी बल्ब और ट्यूबलाइट का इस्तेमाल करना पड़ता है। क्या आपको पता है कि एक तकनीक ऐसी भी है, जो छत की असली धूप को सीधे आपके कमरे में पहुंचा सकती है? दरअसल स्वीडन की कंपनी पारंस सोलर लाइटिंग ने ऐसा हकीकत में कर दिखाया है। इस कंपनी ने एक ऐसी मशीन बनाई है, जो फाइबर ऑप्टिक केबल्स के जरिए सूरज की असल रोशनी को इमारत के अंदर या कई मंजिला नीचे तक पहुंचा सकता है।
क्या है पारंस सोलर लाइटिंग तकनीक? – यह एक ऐसी तकनीक है, जो छत पर पड़ने वाली असल धूप को घरों या इमारतों में उन हिस्सों तक पहुंचा सकती है, जहां कभी धूप पहुंचती नहीं। इस तकनीक में न ही सोलर पैनल की तरह बिजली बनाई जाती है और न ही किसी बैटरी में ऊर्जा को इक्ट्ठा किया जाता है।
दरअसल यह सिस्टम सीधे धूप को ऑप्टिक फाइबर केबल के जरिए कमरों के अंदर तक पहुंचाता है। इससे उन कमरों या इमारतों मे उन जगहों को भी ताजा एहसास मिल पाता है, जहां कभी सूरज की रोशनी पहुंचती तक नहीं।
कैसे काम करता है सिस्टम? – इस सिस्टम को काम करने के लिए छत या घर के बाहरी हिस्से में लगे मॉड्यूलर कलेक्टर्स की जरूरत पड़ती है। इन कलेक्टर्स में खास ऑप्टिकल लेंस लगे होते हैं।
ये दिन भर सूरज को ट्रैक करते हुए उसकी किरणों को एक जगह पर केंद्रित रखते हैं। इन लेंस से इक्ट्ठा की गई रोशनी को पतले और लचीले ऑप्टिकल ग्लास फाइबर के जरिए इमारत के अंदर भेजा जाता है।
इन केबल्स के जरिए बिना किसी ऊर्जा के नुकसान के 100 से 300 मीटर की दूरी या कई मंजिल नीचे तक रोशनी को पहुंचाया जा सकता है।
कमरे में लगे खास तरह के ल्यूमिनेयर्स इस धूप को कमरे में फैला देते हैं। दिखने में ये ऐसा लगता है कि कोई बल्ब जल रहा हो लेकिन असल में कमरे में बाहर मौजूद धूप को पहुंचाया जा रहा होता है।
इस तकनीक के फायदे क्या हैं? – इस तकनीक की वजह से दिन के समय में बल्ब या ट्यूबलाइट जलाने की जरूरत नहीं रहती। इसके साथ ही यह सिस्टम सूरज की हानिकारक यूवी किरणों को फिल्टर कर देता है। इससे कमरे में न तो गर्मी बढ़ती है और एयर कंडीशनर भी बिना किसी दबाव के काम कर पाता है।
इसका सबसे ज्यादा फायदा सेहत को होता है क्योंकि प्राकृतिक रोशनी में काम करने से आंखों पर कम जोर पड़ता है, मूड बेहतर रहता है और शरीर की जैविक घड़ी भी संतुलित रहती है।
किन जगहों के लिए फायदेमंद है सिस्टम? – यह तकनीक उन बड़ी और व्यावसायिक इमारतों के लिए तैयार की गई है, जहां सूरज की रोशनी का न होना एक बड़ी समस्या है।
इसमें कॉर्पोरेट ऑफिस, अस्पताल, स्कूल, शॉपिंग मॉल, एयरपोर्ट टर्मिनल, भूमिगत मेट्रो स्टेशन और बिना खिड़की वाले बेसमेंट शामिल हैं।