Monday , June 29 2026 10:45 PM
Home / Sports / टी20 वर्ल्ड कप खत्म! क्या सूर्यकुमार यादव अब लेंगे संन्यास? 2028 तक अपने नए प्लान के बारे में किया बड़ा खुलासा

टी20 वर्ल्ड कप खत्म! क्या सूर्यकुमार यादव अब लेंगे संन्यास? 2028 तक अपने नए प्लान के बारे में किया बड़ा खुलासा


टी20 वर्ल्ड कप में अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में न्यूजीलैंड को 96 रनों से रौंदकर वर्ल्ड चैंपियन बनने के बाद भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने साफ कर दिया है कि वे रुकने वाले नहीं हैं। महेंद्र सिंह धोनी और रोहित शर्मा के बाद आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाले तीसरे भारतीय कप्तान बने सूर्या ने ट्रॉफी हाथ में आते ही अपने अगले दो बड़े लक्ष्यों का ऐलान कर दिया है। उन्होंने फैंस को साफ कर दिया है कि वह संन्यास नहीं लेने वाले हैं।
2028 ओलंपिक और वर्ल्ड कप पर नजर – मैच के बाद मीडिया से बात करते हुए सूर्या ने अपने भविष्य को लेकर लग रही अटकलों को सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने कहा, ‘मेरा अगला लक्ष्य 2028 लॉस एंजिल्स ओलंपिक में ओलंपिक गोल्ड जीतना है। साथ ही उसी साल हमें अपने टी20 वर्ल्ड कप खिताब का बचाव भी करना है। इसे भूलिएगा मत।’ सूर्या के इस बयान ने स्पष्ट कर दिया है कि वे आने वाले कई सालों तक टीम इंडिया की कमान संभालने और दबदबा बनाए रखने के लिए तैयार हैं।
2024 के उस कैच ने बदली सूर्यकुमार यादव की जिंदगी – सूर्या ने भावुक होते हुए 2024 वर्ल्ड कप फाइनल में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पकड़े गए उस ऐतिहासिक कैच को याद किया। उन्होंने कहा, ‘उस कैच ने मेरी जिंदगी पूरी तरह बदल दी। उसके बाद जब मुझे इस शानदार टीम का नेतृत्व करने का मौका मिला, तो मुझे पता था कि 2 साल बाद भारत में वर्ल्ड कप होना है। भारत में वर्ल्ड कप खेलने की वाइब अलग होती है और मुझे खुशी है कि हमने घरेलू दर्शकों के सामने इतिहास रचा।’
ICC टूर्नामेंट्स में भारत का राज – भारतीय कप्तान ने टीम की निरंतरता पर जोर देते हुए कहा कि भारत अब वैश्विक क्रिकेट में अपनी बादशाहत कायम रखना चाहता है। सूर्या ने कहा, ‘हमने 2025 में आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी जीती और अब 2026 में वर्ल्ड कप। हम चाहते हैं कि यह सिलसिला 2027, 2028 और 2029 तक चलता रहे। हम रुकना नहीं चाहते।’ न्यूजीलैंड के खिलाफ फाइनल में भारत के 255/5 के विशाल स्कोर और फिर 96 रनों की बड़ी जीत पर सूर्या ने कहा कि अभी इस जीत का एहसास होने में थोड़ा समय लगेगा। उन्होंने माना कि टूर्नामेंट की शुरुआत उतनी अच्छी नहीं थी जैसी वे चाहते थे, लेकिन अंत में टीम ने जो एकजुटता दिखाई, वह सबके सामने है।