Sunday , March 15 2026 11:53 PM
Home / News / भारत ने निभाया दोस्ती का वादा, उस्मान हादी के हत्यारों की मदद करने वाला बांग्लादेशी गिरफ्तार, यूनुस का प्रोपैगैंडा फेल

भारत ने निभाया दोस्ती का वादा, उस्मान हादी के हत्यारों की मदद करने वाला बांग्लादेशी गिरफ्तार, यूनुस का प्रोपैगैंडा फेल


बांग्लादेश के राजनीतिक कार्यकर्ता उस्मान शरीफ हादी की हत्या के मामले में एक बांग्लादेशी नागरिक को भारत में गिरफ्तार किया गया है। आरोपी की पहचान फिलिप संगमा के रूप में हुई है। आरोप है कि उसने हादी की हत्या के दो मुख्य आरोपियों को बांग्लादेश से भागने में मदद की थी। भारत के पश्चिम बंगाल प्रांत की पुलिस ने संगमा को नदिया जिले में शांतिपुर के पास हिरासत में ले लिया। इस मामले में कोलकाता स्थित बांग्लादेश के उप-उच्चायोग को जानकारी दे दी गई है।
यूनुस के करीबियों को जवाब – इस गिरफ्तारी के जरिए भारत बांग्लादेश में मोहम्मद यूनुस के करीबी कट्टरपंथी नेताओं के आरोपों का करारा जवाब दिया है। बांग्लादेश में यूनुस के करीबी माने जाने वाले छात्र नेताओं ने आरोप लगाया था कि भारत हादी के हत्यारों की मदद कर रहा है। इसके पहले पिछले शनिवार को हादी हत्याकांड के मुख्य आरोपी फैसल करीम मसूद और उसके साथी आलमगीर हुसैन को पश्चिम बंगाल पुलिस ने गिरफ्तार किया था।
पश्चिम बंगाल पुलिस की स्पेशल टाक्स फोर्स (STF) ने एक बयान में बताया था कि दोनों को बांग्लादेश से सटे पश्चिम बंगाल के सीमावर्ती इलाके में चलाए गए एक अभियान के दौरान पकड़ा गया था। पूछताछ के दौरान दोनों ने खुलासा किया कि उन्होंने बांग्लादेश के हलुआघाट निवासी संगमा की मदद से मेघालय सीमा के रास्ते अवैध रूप से भारत में प्रवेश किया था।
हादी के हत्यारों को पार कराई सीमा – इसके बाद एक गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए पश्चिम बंगाल पुलिस ने शनिवार की सुबह शांतिपुर बाईपास इलाके से संगमा को गिरफ्तार कर लिया। शुरुआती पूछताछ के दौरान उसने सीमा-पार तस्करी नेटवर्क चलाने की बात कबूल की। वह पैसों के बदले बांग्लादेश के हलुआघाट और मेघालय के डालुपारा के बीच सीमा पार कराता था।
उसने यह भी बताया कि हादी की हत्या के आरोपी फैसल और आलमगीर को मेघायल के जंगलों के रास्ते भारतीय सीमा में घुसने में मदद की। बाद में बांग्लादेश पुलिस का दबाव बढ़ने पर वह खुद भी भारत में घुस आया था। एजेंसियों ने बताया कि गिरफ्तारी के समय वह फैसल और आलमगीर के साथ मिलकर बांग्लादेश में उनकी अवैध वापसी की योजना बना रहा था। फिलिप संगमा को अदालत में पेश किया गया, जहां उसे STF की हिरासत में सौंप दिया गया है।
उस्मान हादी की कैसे हुई थी हत्या? – बीते साल 12 दिसम्बर को इंकलाब मंच के प्रवक्ता उस्मान हादी की हत्या कर दी गई थी। ढाका के पुराना पलटन में रिक्शे पर बैठे हादी को हमलावरों ने सिर में गोली मारी थी और एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर भाग गए थे। उस्मान हादी को बाद में इलाज के लिए सिंगापुर भेजा गया, जहां छह दिन बाद उनकी मौत हो गई। हादी की मौत के बाद बांग्लादेश में जमकर हिंसा हुई थी, जिसमें अखबारों समेत विभिन्न संस्थानों के दफ्तर को जलाया गया था। बांग्लादेश में कई छात्र नेताओं ने हादी की हत्या के लिए भारत की आलोचना की थी।