Wednesday , May 27 2026 6:30 PM
Home / Business & Tech / कौन सी नौकरियां खत्म कर देगा AI? सवाल का जवाब देने में हांफ गए एआई टूल्स, सबके अपने-अपने दावे

कौन सी नौकरियां खत्म कर देगा AI? सवाल का जवाब देने में हांफ गए एआई टूल्स, सबके अपने-अपने दावे


आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के बढ़ते उपयोग के कारण कंपनियां ऑटोमेशन की ओर बढ़ रही हैं। इस वजह से अलग-अलग क्षेत्रों में लोगों की जॉब जाने की आशंका बनी हुई है। लेकिन कौन सी नौकरियों पर ऑटोमेशन की वजह से खतरा है, जब यही सवाल एआई से पूछा गया, तो तमाम टूल हांफ गए। उन्होंने अलग-अलग जवाब दिए। नॉर्थवेस्टर्न यूनिवर्सिटी (Northwestern University) और अमेरिकन यूनिवर्सिटी (American University) की रिसर्च में पता चला है कि ओपनएआई के ChatGPT-5, गूगल डीपमाइंड के Gemini 2.5 और एंथ्रोपिक के Claude 4.5 ने अलग-अलग क्षेत्रों को हाइलाइट किया।
द वॉल स्ट्रीट जर्नल की रिपोर्ट के अनुसार, रिसर्चर्स ने यह पता लगाने के लिए कि कौन-सी नौकरियां ऑटोमेशन से सबसे ज्यादा प्रभावित हो सकती हैं, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस टूल्स की मदद ली। रिसर्चर्स ने पाया कि बड़े AI मॉडल्स ने वर्कफोर्स पर AI के असर को लेकर काफी अलग जवाब दिए। एआई टूल्स से विभिन्न क्षेत्रों को इस आधार पर रैंक करने को कहा गया था कि वो एआई के कारण होने वाले बदलावों से कितने प्रभावित हो सकते हैं।
क्या कहना है रिसर्चर्स का – रिसर्चर्स का कहना है कि AI की ओर से लगाए गए अनुमामों को करियर से जुड़े फैसलों के लिए अंतिम सत्य नहीं माना जाना चाहिए। रिसर्चर्स ने सलाह दी कि अलग-अलग AI मॉडलों के रिजल्ट्स की तुलना होनी चाहिए। यह भी देखा जाना चाहिए कि उस क्षेत्र में एआई का कितना उपयोग किया जा रहा है।
ध्यान देने वाली बात – रिसर्चर्स ने अपने निष्कर्ष में एक प्रमुख बात पर ध्यान दिलाया है। ऐसे क्षेत्र जहां पहले से ही एआई का अधिक उपयोग हो रहा है, उन क्षेत्रों को एआई अधिक जोखिम वाला बता सकता है, क्योंकि उन क्षेत्रों में एआई ट्रेनिंग के लिए अधिक डेटा उपलब्ध हो गया है। रिपोर्ट के अनुसार, फाइनेंशियल एनालिस्ट्स ने एआई का इस्तेमाल बहुत पहले शुरू कर दिया था। ऐसे में हो सकता है कोई एआई मॉडल इसी पेशे को सबसे अधिक खतरे में बता दे। जबकि हो सकता है कि कोई ऐसा क्षेत्र हो जहां एआई का उपयोग अभी कम है, लेकिन वही क्षेत्र असल में सबसे जोखिम वाला हो।