Wednesday , July 1 2026 7:59 PM
Home / Sports / फीफा वर्ल्ड कप में रुला देने वाला पल, अजन्मे बेटे की याद में गोल के बाद रो पड़ा ये खिलाड़ी, देखें वीडियो

फीफा वर्ल्ड कप में रुला देने वाला पल, अजन्मे बेटे की याद में गोल के बाद रो पड़ा ये खिलाड़ी, देखें वीडियो


फीफा वर्ल्ड कप 2026 में एक ऐसा भावुक पल देखने को मिला जिसने दुनियाभर के फुटबॉल प्रशंसकों की आंखें नम कर दीं। नीदरलैंड्स के स्टार फॉरवर्ड कोडी गाक्पो ने अपने अजन्मे बेटे को खो दिया। निजी जिंदगी के इस मुश्किल दौर से गुजरने के बावजूद अपनी टीम के लिए शानदार गोल दागा। जिसके बाद वह अपने आंसू नहीं रोक सके और मैदान पर ही भावुक हो गए। उनका यह वीडियो फीफा वर्ल्ड कप के इतिहास के सबसे भावुक क्षणों में से एक बन गया है।
कोडी गाक्पो ने पेश की मिसाल – कोडी गाक्पो और उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा था। 28 जून को उनकी पत्नी नोआ वैन डर बीज का गर्भपात हो गया था। जिससे उनका अजन्मा बेटा दुनिया में आने से पहले ही चल बसा। इस गहरे सदमे के बावजूद गाक्पो ने अपनी टीम का साथ नहीं छोड़ा और मैदान पर उतरने का फैसला किया।
उन्होंने न सिर्फ मैच खेला, बल्कि अपनी टीम के लिए अहम गोल भी दागा। 72वें मिनट में जब क्रिसेन्सियो समरविले के खिलाफ फ़ाउल हुआ, तो विंगर ने किसी तरह गेंद को गाक्पो की तरफ बढ़ा दिया। उन्होंने कोई गलती नहीं की और यासीन बोनो को छकाते हुए जबरदस्त शॉट मारकर गेंद को नेट में भेज दिया।
साथी खिलाड़ियों ने गले से लगाया।- गोल करने के बाद गाक्पो ने किसी भी तरह का लाउड सेलिब्रेशन नहीं किया। वे मैदान की ओर सिर करके रोने लगे। उनकी आंखों से आंसू निकल पड़े। उनको इस हालत में देखकर साथी खिलाड़ियों ने तुरंत उन्हें गले लगाकर हौसला बढ़ाया। स्टेडियम में मौजूद हजारों दर्शकों ने भी तालियां बजाकर उनका सम्मान किया। यह पल फीफा वर्ल्ड कप के इतिहास के सबसे भावुक क्षणों में से एक बन गया।
पेनल्टी शूटआउट में नीदरलैंड्स की हार – अंत में बात की जाए मैच की तो मोरक्को ने नीदरलैंड्स को पेनल्टी शूटआउट में 3-2 से हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली। 90 मिनट का खेल 1-1 की बराबरी पर समाप्त हुआ। नीदरलैंड्स के लिए कोडी गाक्पो ने 72वें मिनट में गोल कर टीम को बढ़त दिलाई। ऐसा लग रहा था कि डच टीम जीत की ओर बढ़ रही है, लेकिन इंजरी टाइम के पहले मिनट (90+1) में इस्सा डियोप ने शानदार गोल दागकर मोरक्को को बराबरी पर खड़ा कर दिया। जिसके बाद मुकाबले का फैसला पेनल्टी शूटआउट से हुआ।
इसके बाद अतिरिक्त समय में दोनों टीमें कोई गोल नहीं कर सकीं। पेनल्टी शूटआउट में मोरक्को के खिलाड़ियों ने बेहतर संयम दिखाया और 3-2 से जीत हासिल कर ली। वहीं नीदरलैंड्स के दो खिलाड़ी पेनल्टी पर चूक गए, जिसका खामियाजा टीम को टूर्नामेंट से बाहर होकर भुगतना पड़ा।