Thursday , October 8 2026 7:46 PM
Home / Sports / एशियन गेम्स में जीता गोल्ड, एयरपोर्ट पर अकेले नजर आई कबड्डी स्टार, अब खुद आकर कहा- स्वागत में 8000 लोग आए थे

एशियन गेम्स में जीता गोल्ड, एयरपोर्ट पर अकेले नजर आई कबड्डी स्टार, अब खुद आकर कहा- स्वागत में 8000 लोग आए थे


एशियन खेल 2026 में भारत का नाम रोशन करने वाली कबड्डी स्टार संजू देवी ने एयरपोर्ट पर भव्य स्वागत न मिलने की खबरों को पूरी तरह से भ्रामक और गलत बताया है। दरअसल, हाल ही में सोशल मीडिया पर कुछ वीडियो तेजी से वायरल हो रहे थे जिनमें संजू देवी एयरपोर्ट से बाहर अकेले सामान ले जाती हुई नजर आ रही थीं। इन वीडियो के आधार पर दावों की झड़ी लग गई थी कि स्वर्ण पदक जीतकर लौटने के बाद भी भारतीय कबड्डी संघ और खेल अधिकारियों ने उनका सही से स्वागत नहीं किया।
एथलीट ने खुद बता दी सच्चाई – सोशल मीडिया पर उठ रहे इन विवादों और अफवाहों पर विराम लगाते हुए संजू देवी ने खुद सामने आकर सच्चाई बयां की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि एयरपोर्ट के बाहर फैंस की भारी भीड़ होने की वजह से सुरक्षा कारणों को ध्यान में रखते हुए स्वागत समारोह एयरपोर्ट परिसर के अंदर ही आयोजित किया गया था।
एयरपोर्ट के बाहर थे 8 हजार लोग – अपनी बात रखते हुए और संघ पर लग रहे आरोपों का खंडन करते हुए संजू देवी ने कहा, ‘मैं यह साफ करना चाहती हूं कि एयरपोर्ट के बाहर करीब आठ हजार लोगों की भारी भीड़ जमा थी इसी वजह से हमारा भव्य स्वागत एयरपोर्ट परिसर के भीतर ही कराया गया। सोशल मीडिया पर जो वीडियो फैलाकर अफवाहें उड़ाई जा रही हैं और एएमएच्योर कबड्डी फेडरेशन ऑफ इंडिया या भारतीय खेल प्राधिकरण पर जो आरोप लग रहे हैं वे बिल्कुल गलत हैं। मैं इन सभी दावों का पूरी तरह से खंडन करती हूं क्योंकि अधिकारियों ने बेहद गर्मजोशी के साथ हमारा अभिनंदन किया था।’
क्यों दिखाई दीं अकेले? – एयरपोर्ट से अकेले बाहर निकलने के वायरल वीडियो पर सफाई देते हुए संजू ने बताया कि सभी खिलाड़ी अपने-अपने गृहनगर लौटने के लिए अलग-अलग समय पर एयरपोर्ट से रवाना हुए थे इसी वजह से वह बाहर अकेले दिखाई दे रही थीं। किसी भी तरह के बदइंतजामी के आरोपों में कोई सच्चाई नहीं है।
छोटे से जिले से हैं संजू देवी – छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के छोटे से गांव केराकछार की रहने वाली संजू देवी ने एशियाई खेल 2026 में इतिहास रचा है। वह भारतीय महिला कबड्डी टीम के साथ गोल्ड मेडल जीतकर अपने राज्य छत्तीसगढ़ का नाम पूरे देश में रोशन करने वाली पहली महिला खिलाड़ी बनी हैं। उनकी इस ऐतिहासिक सफलता से गदगद राज्य सरकार ने भी उनका जोरदार स्वागत किया। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रायपुर स्थित सीएम निवास में संजू देवी को सम्मानित किया और उनकी इस अभूतपूर्व उपलब्धि के लिए 51 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि देने का बड़ा ऐलान किया।