
दुनिया की सबसे बड़ी क्रिकेट लीग आईपीएल का समय बदलने की मांग हो रही है। कोलकाता नाइट राइडर्स की सह मालकिन जूही चावला ने एक्स पोस्ट में अपना विचार रखा है, उन्होंने जनवरी के महीने में आईपीएल कराने की मांग की है। उनका मानना है कि टूर्नामेंट के शेड्यूल में बदलाव से खिलाड़ियों, दर्शकों और इससे जुड़े सभी लोगों को फायदा हो सकता है। फिलहाल आईपीएल का आयोजन मार्च से लेकर मई के बीच होता है। अधिकतर मैच अप्रैल और मई में खेले जाते हैं।
जूही चावला ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर करते हुए आईपीएल के मौजूदा शेड्यूल पर सवाल उठाए। उन्होंने लिखा कि आईपीएल को अब क्रिकेट कैलेंडर में अपनी जगह बनाने की जरूरत नहीं है, बल्कि उसने इतना बड़ा मुकाम हासिल कर लिया है कि वह क्रिकेट कैलेंडर को प्रभावित करने का अधिकार रखता है।
ललित मोदी ने कही विंडो बदलने की बात – ललित मोदी ने आईपीएल का विंडो बदलने की मांग की है। उनके पोस्ट पर ही कमेंट करते हुए जूही चावला ने जनवरी में आईपीएल कराने की बात कही है। ललित मोदी ने कहा है कि क्रिकेट में आईपीएल का रुतबा उतना ही अहम है, जितना फुटबॉल में ईपीएल का है।
अप्रैल-मई की गर्मी में क्यों हो आईपीएल? – जूही चावला ने अपने पोस्ट में आगे सवाल उठाया कि दुनिया के सबसे बड़े क्रिकेट टूर्नामेंट को साल के सबसे ज्यादा गर्म मौसम में कराने की क्या जरूरत है? अगर क्रिकेट कैलेंडर पर दोबारा विचार किया जा रहा है तो अप्रैल-मई की जगह जनवरी में आईपीएल क्यों नहीं कराया जा सकता? उन्होंने जनवरी में टूर्नामेंट कराने के फायदे भी गिनाए। जूही के मुताबिक, इस दौरान मौसम बेहतर रहेगा, जिससे क्रिकेट का स्तर और बेहतर हो सकता है। साथ ही खिलाड़ियों और दर्शकों को भी ज्यादा अच्छा अनुभव मिलेगा।
बदलते समय के साथ बदलना चाहिए आईपीएल का कैलेंडर – जूही चावला ने अपने पोस्ट के आखिर में लिखा कि आईपीएल काफी आगे बढ़ चुका है और अब शायद इसके कैलेंडर में बदलाव करने का भी समय आ गया है। उनका मानना है कि बेहतर मौसम में टूर्नामेंट कराने से सभी को फायदा होगा। गौरतलब है कि आईपीएल का आयोजन आमतौर पर मार्च के अंत या अप्रैल से मई तक होता है। इस दौरान भारत के कई हिस्सों में भीषण गर्मी पड़ती है। ऐसे में जनवरी में आईपीएल कराने का सुझाव आने के बाद टूर्नामेंट के आयोजन के समय को लेकर चर्चा तेज हो सकती है। हालांकि, इस बदलाव को लागू करने के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट कैलेंडर और अन्य घरेलू टूर्नामेंटों को भी ध्यान में रखना होगा।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website