Tuesday , November 10 2026 5:38 PM
Home / Sports / मोहम्मद शमी और रविंद्र जडेजा के बाद अब मोहम्मद सिराज, बेंच पर कट रही पूरी सीरीज, वर्ल्ड कप पर भी सवाल

मोहम्मद शमी और रविंद्र जडेजा के बाद अब मोहम्मद सिराज, बेंच पर कट रही पूरी सीरीज, वर्ल्ड कप पर भी सवाल


भारत और न्यूजीलैंड के बीच 5 मैचों की वनडे सीरीज का तीसरा मुकाबला आज हेमिल्टन के सेडन पार्क में खेला जा रहा है। भारतीय टीम के कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। लेकिन इस मैच की प्लेइंग 11 सामने आने के बाद एक बार फिर सबसे बड़ा झटका स्टार तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज को लगा है।
मोहम्मद सिराज को फिर किया बाहर – पिछले दो वनडे मुकाबलों में बेंच पर बैठने के बाद, उम्मीद जताई जा रही थी कि हेमिल्टन में सिराज की प्लेइंग 11 में वापसी होगी, लेकिन कप्तान और टीम प्रबंधन ने लगातार तीसरे मैच में भी उन्हें बाहर रखने का चौंकाने वाला फैसला लिया है। टीम मैनेजमेंट ने इस मुकाबले में भी अपने युवा तेज गेंदबाजी आक्रमण पर ही भरोसा जताया है।
4 तेज गेंदबाजों को मिली जगह – भारतीय प्लेइंग 11 में अर्शदीप सिंह के साथ युवा अंशुल कंबोज, आकिब नबी और गुरनूर बरार की पेस तिकड़ी को बरकरार रखा गया है। भारत 4 मुख्य तेज गेंदबाजों के साथ मैदान पर उतरा है, लेकिन 50 से अधिक वनडे मैचों का अनुभव रखने वाले मोहम्मद सिराज को नजरअंदाज कर दिया गया। एक तरफ जहां युवा गेंदबाजों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आजमाया जा रहा है वहीं सिराज जैसे अनुभवी गेंदबाज को लगातार मौकों से महरूम रखना कई सवाल खड़े करता है।
शानदार रहा है मोहम्मद सिराज का करियर – मोहम्मद सिराज के आंकड़े गवाही देते हैं कि वह वनडे क्रिकेट में भारत के सबसे प्रभावी गेंदबाजों में से एक रहे हैं। उन्होंने 51 वनडे मुकाबलों में 25 की बेहतरीन औसत और 5.16 की इकॉनमी से 77 विकेट चटकाए हैं। पावरप्ले में नई गेंद से विकेट चटकाने और विरोधी बल्लेबाजों पर दबाव बनाने में उनका कोई सानी नहीं रहा है। वनडे एशिया कप के फाइनल में श्रीलंका के खिलाफ 21 रन देकर 6 विकेट लेने वाला उनका स्पेल आज भी क्रिकेट इतिहास के सबसे घातक स्पेल्स में गिना जाता है। ऐसे बेहतरीन रिकॉर्ड के बावजूद उन्हें प्लेइंग 11 से बाहर रखना समझ से परे है।
तीसरे वनडे के लिए टीम इंडिया की प्लेइंग 11: – रोहित शर्मा, शुभमन गिल (कप्तान), विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, अक्षर पटेल, केएल राहुल (विकेटकीपर), नमन धीर, अंशुल कंबोज, आकिब नबी, गुरनूर बरार, अर्शदीप सिंह