Tuesday , November 24 2026 11:23 PM
Home / News / सिद्धार्थ हाईवे, अरबों का पैकेज…ना-नुकुर के बाद 34 लोगों के साथ भारत पहुंचे नेपाली पीएम बालेन शाह, आज PM मोदी से मुलाकात

सिद्धार्थ हाईवे, अरबों का पैकेज…ना-नुकुर के बाद 34 लोगों के साथ भारत पहुंचे नेपाली पीएम बालेन शाह, आज PM मोदी से मुलाकात


नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह रविवार को अपने दो दिवसीय दौरे पर भारत पहुंचे। उनके साथ 34 सदस्यों का भारी-भरकम प्रतिनिधिमंडल भी आया है, जिसमें विदेश मंत्री शिशिर खनाल, वित्त मंत्री स्वर्णिम वागले, मुख्य सलाहकार कुमार ब्यंजनकर समेत कई वरिष्ठ अधिकारी शामिल हैं। वह आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात करने वाले हैं। इस दौरान दोनों देश संपर्क और ऊर्जा सहयोग को बढ़ाने पर बात कर सकते हैं।
बालेन शाह-PM मोदी में 200 करोड़ डॉलर की आर्थिक मदद पर चर्चा – द इकनॉमिक टाइम्स की एक रिपोर्ट के अनुसार, नई दिल्ली की इस यात्रा से बालेन शाह के भारत के प्रति दृष्टिकोण में एक बड़ा बदलाव होगा। बालेन शाह आज दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगे तो इस बैठक में दोनों देशों के बीच आर्थिक सहयोग बढ़ाने और पुराने रिश्तों को मजबूत करने पर चर्चा होगी। बालेन शाह की इस यात्रा में नेपाल के लिए करीब 2 अरब डॉलर की आर्थिक मदद, अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए नए हवाई रास्ते और नेपाल में भारतीय कंपनियों के निवेश जैसे मुद्दे अहम रहेंगे।
पीएम मोदी और बालेन शाह में हो सकती हैं इन बातों पर चर्चा – शाह की इस यात्रा के दौरान दोनों प्रधानमंत्री कनेक्टिविटी और ऊर्जा सहयोग से जुड़ी परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे और नई परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे। इस यात्रा के दौरान एक संयुक्त विजन दस्तावेज भी जारी किए जाने की उम्मीद है। दोनों पक्ष सहयोग के नए क्षेत्रों, विशेष रूप से स्टार्टअप, तकनीक, नवाचार और खेल पर भी चर्चा कर सकते हैं। सोमवार को शाह के भारत और नेपाल के कारोबारी नेताओं को संबोधित करने की भी उम्मीद है।
दोनों पक्षों के बीच सीमा पार जल-विद्युत (हाइडल-पावर) साझेदारी का विस्तार होने की भी संभावना है, जिससे नेपाल भारत को और अधिक ऊर्जा निर्यात कर सकेगा। भारत ने हाल ही में 615.02 मेगावाट बिजली के निर्यात को मंजूरी दी है। इससे पहले नेपाल को 654 मेगावाट बिजली निर्यात करने की अनुमति मिली हुई थी। इस तरह, कुल स्वीकृत निर्यात क्षमता अब 1,269.02 मेगावाट हो गई है।
1 अरब डॉलर की लाइन ऑफ क्रेडिट भी संभव – ‘ईटी’ (ET) की एक पिछली रिपोर्ट के अनुसार, नेपाल भारत से 2 अरब डॉलर के वित्तीय पैकेज की मांग कर रहा है। इस 2 अरब डॉलर के पैकेज में, हिमालयी देश में बिजली और अन्य बुनियादी ढांचा परियोजनाओं के लिए 1 अरब डॉलर की ‘लाइन ऑफ क्रेडिट’ (उधार सुविधा) शामिल हो सकती है।
सिद्धार्थ राजमार्ग को अपग्रेड करने के लिए भारत से 500 मिलियन डॉलर की मदद – नेपाल, सिद्धार्थ राजमार्ग को अपग्रेड करने के लिए भारत से 500 मिलियन डॉलर की अतिरिक्त अनुदान राशि (ग्रांट) मांग रहा है। यह राजमार्ग भारतीय सीमा पर स्थित सुनौली को पोखरा से जोड़ता है। बाकी 500 मिलियन डॉलर का अनुदान बाढ़ के बाद पुनर्निर्माण कार्यों के लिए मांगा जा रहा है।
पिछले सात दशकों में, भारत और नेपाल के बीच विकास सहयोग न केवल बढ़ा है, बल्कि इसमें कई नए क्षेत्र भी शामिल हुए हैं। इनमें स्वास्थ्य, शिक्षा, ऊर्जा, अभिलेखागार, पुरातत्व, कनेक्टिविटी, व्यापार, कृषि, सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण और क्षमता निर्माण जैसे कई क्षेत्र शामिल हैं।