
बीते 7 साल से MCU के हर फैन के मन में एक सवाल घुमड़ रहा है- क्या आयरन मैन की वापसी होगी? ‘एवेंजर्स: डूम्सडे’ की रिलीज और बंपर एडवांस बुकिंग से ठीक पहले मार्वल कॉमिक्स ने कुछ ऐसा किया है, जिसने नई उम्मीदें जगाई हैं। ‘हल्क वॉर’ कॉमिक्स में ‘द आयरन थिंग’नाम का नया किरदार जोड़ा गया है।
साल 2019, ‘एवेंजर्स: एंडगेम’ में जब आयरन मैन ने थानोस के सामने चुटकी बजाई और कहा, ‘मैं आयरन मैन हूं’, तो दुनियाभर के करोड़ों फैंस की सांसें जैसे अटक गई। किसी को यकीन नहीं हुआ कि मार्वल सिनेमैटिक यूनिवर्स (MCU) के सबसे खतरनाक विलेन की हार का जश्न मनाएं या सबसे फेवरेट सुपरहीरो की कुर्बानी का शोक। यह सुपरहीरो फिल्म फ्रेंचाइज में पहला ऐसा मौका था, जब हर आंख नम थी। आयरन मैन, एक ऐसा किरदार, जिसे रॉबर्ट डाउनी जूनियर ने अपनी एक्टिंग से जान डाल दी। बीते 7 साल से आयरन मैन की वापसी को लेकर तरह-तरह के कयास लगाए जाते रहे हैं। लेकिन अब खुद मार्वल ने एक ट्विस्ट के साथ ‘Iron Man’ के रिप्लेसमेंट ‘The Iron Thing’ को लेकर अपडेट दिया है।
हालांकि, इससे पहले कि आपकी खुशी का ठिकाना न रहे, पहले ही साफ कर दें कि आयरन मैन के नए अवतार की वापसी तो हो रही है, लेकिन यह MCU की फिल्मों में नहीं, बल्कि मार्वल के कॉमिक बुक सीरीज में। यहां एक नया किरदार पेश किया है, जिसका नाम है ‘द आयरन थिंग’ है। आने वाली कॉमिक बुक सीरीज में यही किरदार नया ‘आयरन मैन’ होगा। वैसे, यहां एक खुशी की बात भी है। बहुत संभव है कि आगे फिल्मों में The Iron Thing की एंट्री हो।
‘एवेंजर्स: डूम्सडे’ की बंपर एडवांस बुकिंग – मार्वल कॉमिक्स में यह ऐलान ऐसे समय किया है, जब ‘Avengers: Doomsday’ सिनेमाघरों में धूम मचाने आ रही है। 17 दिसंबर को रिलीज हो रही इस फिल्म की भारत में बंपर एडवांस बुकिंग हो रही है। चार दिनों के शोज के लिए अभी से ही ₹46.31 करोड़ की प्री-बुकिंग हो चुकी है। इसमें सिर्फ पहले दिन (गुरुवार, 17 दिसंबर) के लिए ₹20.73 करोड़ की एडवांस बुकिंग हुई है। भारत में शनिवार दोपहर तक 7.12 लाख टिकट बिक चुके हैं, जबकि रिलीज में अभी 25 दिन और बाकी हैं।
‘आयरन मैन’ का भयानक रूप है ‘द आयरन थिंग’ – बहरहाल, वापस ‘द आयरन थिंग’ पर लौटते हैं। 19 नवंबर को मार्वल ने ‘आयरन मैन’ के एक नए और भयानक रूप की घोषणा की है। इसे ‘द आयरन थिंग’ नाम दिया गया है। यह किरदार ‘हल्क वॉर: इन्फर्नल रेज’ नाम की पांच-इश्यू वाली कॉमिक्स सीरीज का हिस्सा है। ‘इन्फर्नल हल्क’ ब्रूस बैनर का एक राक्षसी रूप है। यह तब बनता है जब ‘एल्डेस्ट’ नाम की एक प्राचीन शक्ति हल्क पर कब्जा कर लेती है। यह शक्ति हल्क और ब्रूस बैनर को अलग कर देती है। लिहाजा, हल्क की इंसानियत और इंसानों की तरह काम करने की क्षमता छिन जाती है।
कहानी में सुपरहीरोज से लड़ता है इन्फर्नल हल्क -कॉमिक बुक की कहानी में ‘इन्फर्नल हल्क’ सुपरहीरोज की टीम से लड़ता है और उन्हें भी अपनी तरह भ्रष्ट कर देता है। इस दौरान, ‘आयरन मैन’ उसे रोकने की कोशिश करता है, लेकिन अंत में हार जाता है और ‘द आयरन थिंग’ में बदल देता है। यह इन्फर्नल हल्क की तरह ही आयरन मैन का एक भयानक रूप है, जिसने सिर्फ एक ग्रे मास्क पहना हुआ है। इस आयरन मैन के पास कोई हाई-टेक कवच नहीं है, बल्कि वह एक विशाल और अजीब शरीर वाले जीव जैसा दिखता है, जो सिर्फ अपनी ताकत का इस्तेमाल करता है।
आयरन मैन ही नहीं, कैप्टन अमेरिका और स्पाइडर-मैन भी निशाना – कहानी में इनफर्नल हल्क ने सिर्फ आयरन मैन को ही नहीं बदला है, बल्कि उसने स्पाइडर-मैन को ‘द आर्थ्रोपोड’ और कैप्टन अमेरिका को ‘द वॉर डेड’ में बदल दिया है। ‘हल्क वॉर: इनफर्नल रेज’ को फिलिप कैनेडी जॉनसन ने लिखा है और इसके आर्टिस्ट निक क्लेन हैं। क्लेन किरदारों के बारे में बताते हैं कि जब भी ‘द वॉर डेड’ से खून निकलता है, उससे उन मरे हुए सैनिकों की आत्माएं बाहर आने लगती हैं, जिन्हें कैप्टन अमेरिका बचा नहीं पाया था। ‘हल्क वॉर: इनफर्नल रेज’ नाम की पांच हिस्सों वाली कॉमिक बुक सीरीज फरवरी 2027 में आएगी।
डॉक्टर डूम के रोल में लौट रहे हैं रॉबर्ट डाउनी जूनियर – इस बीच, दुनिया भर के मार्वल फैंस को रॉबर्ट डाउनी जूनियर के डॉक्टर डूम के रोल में वापसी का बेसब्री से इंतजार है। ‘एंडगेम’ में आयरन मैन की मौत के बाद RDJ की विक्टर वॉन डूम उर्फ डॉक्टर डूम के रोल में MCU में वापसी हो रही है। इसे इस फ्रेंचाइज का अब तक का सबसे शक्तिशाली और सबसे खतरना विलने बताया जा रहा है।
Home / Entertainment / Iron Man की होगी वापसी! कॉमिक्स में The Iron Thing ने जगाई उम्मीदें, इधर Doomsday की एडवांस बुकिंग ₹46Cr पार
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website