Tuesday , November 24 2026 11:23 PM
Home / News / अमेरिका में डेमोक्रेट्स को 1992 के बाद सबसे बड़ी चुनावी जीत, हाउस की 258 सीटों पर किया कब्जा, ट्रंप पर खतरा

अमेरिका में डेमोक्रेट्स को 1992 के बाद सबसे बड़ी चुनावी जीत, हाउस की 258 सीटों पर किया कब्जा, ट्रंप पर खतरा


अमेरिकी मध्यावधि चुनावों में डेमोक्रेटिक पार्टी ने तीन दशकों की सबसे बड़ी जीत हासिल की है। डेमोक्रेट्स को हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स (प्रतिनिधि सभा) में 258 सीटें हासिल हो चुकी हैं। साल 1992 के बाद से पार्टी ने ऐसी जीत नहीं देखी थी। इस महीने की शुरुआत में हुए मध्यावधि चुनावों में डेमोक्रेट ने अब तक हाउस में 44 सीटों पर जीत हासिल की है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के पहले कार्यकाल के दौरान 2018 के मिडटर्म चुनावों में जीती गई 40 सीटों से यह चार अधिक है।
डेमोक्रट्स की बढ़ सकती है सीट – डेमोक्रेट्स ने रविवार को इस आंकड़े को छुआ जब नॉर्थ कैरोलिना में चक हबर्ड ने रिपब्लिकन वर्जीनिया फॉक्स को हरा दिया। हाउस में डेमोक्रेट्स की सीटों की संख्या अभी और बढ़ सकती है, क्योंकि चार सीटों पर फैसला अभी होना है। इसमें मिनिसोटा और टेनेसी में एक-एक और दो सीट लुइजियाना में है, जहां दिसम्बर में रनऑफ (फिर से मतदान) होगा।
तीन दशकों की सबसे बड़ी जीत – साल 1992 में बिल क्लिंटन के चुनाव के बाद डेमोक्रेट्स की यह सबसे बड़ी जीत है। उस समय डेमोक्रेट्स ने 258 सीटों पर जीत हासिल की है। हालांकि, फ्रैंकलिड डी रूजवेल्ट के समय के मुकाबले यह संख्या अभी भी कम है। रूजवेल्ट के कार्यकाल में डेमोक्रेट्स के पास हाउस में 300 से ज्यादा सीटें थीं।
हाउस और सीनेट पर डेमोक्रेट्स कब्जा – इस जीत के साथ 435 सदस्यों वाले हाउस में डेमोक्रेट्स ने मजबूत बहुमत स्थापित कर लिया है। सीनेट भी डेमोक्रेट्स के नियंत्रण में चली गई है। इससे अमेरिका में एक विभाजित सरकार की स्थिति बन गई है। कांग्रेस के दोनों सदनों पर डेमोक्रेट्स का कब्जा है, जबकि राष्ट्रपति ट्रंप रिपब्लिकन पार्टी से हैं। रिपब्लिकन पार्टी हाउस में 173 सीटों पर पहुंच गई है।
हाउस और सीनेट पर कंट्रोल से उत्साहित डेमोक्रेट्स ने 100 दिनों का एजेंडा तैयार करना शुरू दिया है। इसका मुख्य फोकस बढ़ती महंगाई को कम करना है। इसके साथ ही डेमोक्रेट्स एक व्यापक निगरानी एजेंडा भी तैयार कर रहे हैं। इसका मकसद ट्रंप के बचे हुए कार्यकाल में राष्ट्रपति के कामकाज पर नजर रखना है।
ट्रंप के खिलाफ महाभियोग का खतरा – इस जीत ने ट्रंप के बचे हुए कार्यकाल के दौरान महाभियोग लाए जाने की आशंका को बढ़ा दिया है। हाउस में डेमोक्रेटिक नेता हकीम जेफरीज ने महाभियोग की संभावना से इनकार नहीं किया है। जेफरीज के हाउस का अगला स्पीकर बनने की उम्मीद है। अगर डेमोक्रेट्स इस तरफ कदम बढ़ाते हैं तो यह ट्रंप के खिलाफ तीसरी बार महाभियोग चलाने की कार्रवाई होगी।