Tuesday , November 24 2026 11:23 PM
Home / News / पुतिन को पाकिस्तान आने का न्योता, अगले हफ्ते मॉस्को जा रहे शहबाज शरीफ, भारत-रूस में बढ़ेगी दूरी?

पुतिन को पाकिस्तान आने का न्योता, अगले हफ्ते मॉस्को जा रहे शहबाज शरीफ, भारत-रूस में बढ़ेगी दूरी?


पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ 30 नवंबर को रूस दौरे पर जाने वाले हैं। वह मॉस्को में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाकात करेंगे। इस दौरान शहबाज शरीफ रूसी राष्ट्रपति पुतिन को शंघाई सहयोग संगठन (SCO) की बैठक में पाकिस्तान आने का निमंत्रण भी देंगे। हालांकि, पुतिन ने पाकिस्तान यात्रा को लेकर कुछ नहीं कहा है। पुतिन अभी तक एक बार भी पाकिस्तान नहीं गए हैं। शहबाज शरीफ के इस दौरे से पाकिस्तान-रूस संबंधों में तेजी आने की उम्मीद है, जिससे भारत की टेंशन बढ़ सकती है।
पुतिन के निमंत्रण पर रूस जा रहे शहबाज शरीफ – पाकिस्तान का कहना है कि प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ का यह दौरा रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के निमंत्रण पर हो रहा है। रिपोर्टों में बताया गया है कि शहबाज शरीफ का यह दौरा दो से चार दिनों का हो सकता है। शहबाज शरीफ इससे पहले मार्च 2026 में रूस के दौरे पर जाने वाले थे, लेकिन ईरान पर इजरायली और अमेरिकी हमले के कारण बढ़े तनाव को देखते हुए उन्होंने अपना दौरा स्थगित कर दिया था। तब से शहबाद शरीफ का रूस दौरा अटका हुआ था।
1 भारत-रूस संबंध ऐतिहासिक रूप से मजबूत हैं और कई क्षेत्रों में व्यापर स्तर पर फैले हुए हैं। ऐसे में पाकिस्तान के साथ रूस की दोस्ती भारत की चिंता को बढ़ा सकती है।
2 रूस ने हाल के वर्षों में पाकिस्तान के साथ भी सीमित सैन्य, व्यापारिक और क्षेत्रीय संपर्क बढ़ाए हैं। दोनों देशों के बीच लगातार कई बैठकें भी हुई हैं।
3 पाकिस्तान-रूस संबंधों में मजबूती के बावजूद भारत मॉस्को की विदेश नीति और रक्षा-व्यापारिक प्राथमिकताओं में केंद्र में बना हुआ है।
पुतिन के साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगे शहबाज शरीफ- शहबाज शरीफ रूस यात्रा के दौरान व्लादिमीर पुतिन के साथ द्विपक्षीय बातचीत करेंगे। इसके अलावा शहबाज शरीफ के पाकिस्तान-रूस संयुक्त व्यापार मंच को भी संबोधित करने की उम्मीद है। शहबाज शरीफ के साथ पाकिस्तानी व्यापारियों का एक बड़ा प्रतिनिधिमंडल भी रूस जाएगा। इस दौरान शहबाज शरीफ रूसी राष्ट्रपति पुतिन को 2027 में पाकिस्तान आने का निमंत्रण दे सकते हैं।
पाकिस्तान-रूस में किन मुद्दों पर होगी चर्चा? – शहबाज शरीफ के रूस के दौरे से पहले दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय व्यापार, निवेश, मुक्त व्यापार समझौते (FTA) पर बातचीत, भुगतान निपटान और बैंकिंग संबंधी बाधाओं को दूर करने पर चर्चा होने की संभावना है। इनके अलावा पाकिस्तान और रूस तेल और गैस के क्षेत्र में सहयोग, रेल और परिवहन संपर्क, क्षेत्रीय सुरक्षा, और पाकिस्तान स्टील मिल्स को फिर से चालू करने को लेकर भी चर्चा करेंगे।