Tuesday , November 24 2026 3:29 PM
Home / Sports / महेंद्र सिंह धोनी को लेकर बड़ा दावा, ऑक्शन टेबल पर नहीं बैठेंगे, पर्दे के पीछे से करेंगे काम

महेंद्र सिंह धोनी को लेकर बड़ा दावा, ऑक्शन टेबल पर नहीं बैठेंगे, पर्दे के पीछे से करेंगे काम


आईपीएल 2027 में महेंद्र सिंह धोनी सीएसके के मेंटर के रूप में नजर आएंगे। 2008 में धोनी ने टीम के लिए आईपीएल डेब्यू किया था। इसी महीने उन्होंने आईपीएल से संन्यास का ऐलान किया। भारत के पूर्व तेज गेंदबाज इरफान पठान का मानना है कि चेन्नई सुपर किंग्स धोनी आईपीएल 2027 के ऑक्शन के दौरान टीम मैनेजमेंट के साथ बोली लगाने की मेज पर नजर नहीं आएंगे।
एमएस धोनी मेंटोर के रूप में अपने अनुभव से उन्हें खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए तैयार करने की जिम्मेदारी निभाएंगे। आईपीएल की नीलामी 16 दिसंबर को गोवा में होगी। धोनी ने 2008 से 2026 के बीच आईपीएल के 19 सत्रों में से 17 में सीएसके का प्रतिनिधित्व किया। वह 2016 और 2017 में टीम का हिस्सा नहीं थे, क्योंकि इन दो सत्रों में चेन्नई की टीम बैन थी।
इरफान पठान ने क्या कहा? – धोनी के साथ खेल चुके इरफान पठान ने जियोस्टार पर कहा, ‘मैं जितना धोनी को जनता हूं, मुझे नहीं लगता कि वह नीलामी की मेज पर बैठेंगे। वह मेंटोर हैं और नीलामी में बैठना उनकी भूमिका नहीं है। उनका काम खिलाड़ियों को सही दिशा दिखाना, अपना अनुभव साझा करना, उनके प्रदर्शन को बेहतर बनाने में मदद करना और उन्हें सीएसके के लिए मैच जीतना सिखाना है। बोली लगाने और नीलामी से जुड़े फैसले टीम प्रबंधन पर छोड़ दिए जाएंगे।’
पठान ने धोनी के पांच आईपीएल खिताबों का जिक्र करते हुए कहा, ‘धोनी चीजों को सरल रखना पसंद करते हैं और जिन लोगों को अपना काम अच्छी तरह आता है, उन्हें उनकी जिम्मेदारी निभाने देते हैं। सीएसके का प्रबंधन और उसकी रणनीतिक टीम काफी मजबूत है। उसने वर्षों से खिताब जीतने वाली टीमें बनाई हैं और धोनी ने हमेशा उन पर पूरा भरोसा किया है।’
पठान ने बताई धोनी की खासियत – इरफान पठान ने कहा कि धोनी कभी सुर्खियों में रहने या मैदान के बाहर लिए गए फैसलों का श्रेय नहीं लेते हैं। वह अपनी नयी भूमिका में भी पर्दे के पीछे रहकर काम करना पसंद करेंगे। पठान ने कहा, ‘इसलिए अगर धोनी सीएसके की नीलामी मेज पर बैठे दिखाई देते हैं तो मुझे हैरानी होगी। मेंटोर के तौर पर वह अपने तरीके से टीम से जुड़े रहेंगे और उनका काम पर्दे के पीछे होगा।’