Wednesday , November 25 2026 2:08 AM
Home / News / ईरानी गायिका परस्तू अहमदी को मारे गए 74 कोड़े, बिना हिजाब पहने लाइव परफॉर्मेंस के लिए दी गई सजा

ईरानी गायिका परस्तू अहमदी को मारे गए 74 कोड़े, बिना हिजाब पहने लाइव परफॉर्मेंस के लिए दी गई सजा


ईरान में बिना हिजाब पहने गाना गाने के लिए गायिका परस्तू अहमदी को 74 कोड़े मारे गए। उन्हें सार्वजनिक रूप से शालीनता के अपमान का दोषी ठहराया गया था। अहमदी के साथ ही उनकी म्यूजिक टीम को भी सजा दी गई। गायिका के वकील मुस्तफा नीली ने इस सजा को दिए जाने की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि इसे सोमवार को ईरान के कोम शहर में अंजाम दिया गया।
अहमदी की टीम को भी मारे गए कोड़े – नीली ने बताया कि अहमदी की कॉन्सर्ट टीम के चार सदस्यों को भी 74-74 कोड़े मारे गए। जिन लोगों को सजा मिली, उनमें गायिका परस्तू अहमदी, कॉन्सर्ट आयोजक मोहसिन लश्कारी, संगीतकार सोहेल फकीह-नासिरी, अमीन ताहिरी और अमीर-अली पिरनिया शामिल हैं।
कोम की एक अदालत ने इसी साल जून में इन पांचों को सजा सुनाई थी। उन्हें ऑनलाइन अश्लील औऱ अनैतिक सामग्री बनाने और प्रकाशित करने का दोषी ठहराया गया था। यह मामला एक ऑनलाइन वीडियो से जुड़ा है, जिसमें अहमदी पुरुष संगीतकारों के साथ परफॉर्म करती नजर आ रही थीं। इस दौरान उन्होंने ईरान में महिलाओं के लिए अनिवार्य हिजाब नहीं पहना था। परस्तू ने बिना स्लीवलेस और ऑफ शोल्डर ड्रेस पहनी थी और बाल खुले हुए थे।
दिसम्बर 2024 में आया था वीडियो – यह वीडियो दिसम्बर 2024 में यूट्यूब पर पोस्ट किया गया था। इसे कोम शहर के पास स्थित ऐतिहासिक देर-ए गचिन कारवांसराय में शूट किया गया था। कारवांसराय फारसी शब्द है, जिसका मतलब है- यात्रियों और व्यापारियों के रुकने के लिए बनी जगह। कोम को शिया मुसलमान पवित्र शहर मानते हैं। इसे धार्मिक रूढ़िवादिता का गढ़ माना जाता है।
ईरान के कानून के तहत महिलाओं के सार्वजनिक परफॉर्मेंस पर रोक है। इसके साथ ही उन्हें हिजाब और शालीन कपड़े पहनना अनिवार्य है। वीडियो रिलीज किए जाने के कुछ ही समय बाद अहमदी और उनकी कॉन्सर्ट टीम के सदस्यों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। इसे एक “अवैध कॉन्सर्ट” कहा गया जो देश के “कानूनी और धार्मिक मानकों” के खिलाफ था।