
बांग्लादेश ने चेतावनी दी है कि अगर शेख हसीना वापस लौटती हैं तो उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा। यह धमकी बांग्लादेश की विदेश राज्य मंत्री शमा ओबैद ने दी है। उनका यह बयान तब आया है, जब दिसंबर में शेख हसीना के बांग्लादेश लौटने की उम्मीद जताई जा रही है। उनकी वापसी से पहले बांग्लादेश में प्रतिबंधित अवामी लीग भी एक्टिव हो गई है। अवामी समर्थकों ने बांग्लादेश के कई जिलों में विरोध प्रदर्शन किया है। इस दौरान आगजनी और तोड़फोड़ की घटनाएं हुई हैं। वहीं, बांग्लादेश ने भी अवामी लीग के समर्थकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की है।
शेख हसीना के प्रत्यर्पण की मांग कर रहा बांग्लादेश – बांग्लादेशी मंत्री शमा ओबैद ने कहा है कि बांग्लादेश भारत से शेख हसीना के प्रत्यर्पण की मांग कर रहा है। वहीं, भारत का कहना है कि वह वह हसीना के प्रत्यर्पण के लिए बांग्लादेश के अनुरोध की जांच कर रहा है और इस पर भारतीय कानून के अनुसार कार्रवाई की जा रही है। शेख हसीना को बांग्लादेश की अदालत ने उनकी अनुपस्थिति में हुई सुनवाई के दौरान मानवता के खिलाफ अपराधों और विरोध प्रदर्शनों के दौरान हुई हत्याओं के लिए मौत की सजा सुनाई है। शेख हसीना जुलाई 2024 में हुए विद्रोह के बाद भारत आ गई थीं। तब से वह भारत में ही अज्ञात स्थान पर रह रही हैं।
शेख हसीना को जेल में डालने की तैयारी में बांग्लादेश – रायटर्स के साथ इंटरव्यू में शमा ओबैद ने कहा कि शेख हसीना जैसे ही बांग्लादेश में प्रवेश करने की कोशिश करेंगी, उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्हें जेल भेजा जाएगा और कानून अपना काम करेगा। उन्होंने आगे कहा, “हम चाहते हैं कि भारत प्रत्यर्पण संधि का सम्मान करे और उन्हें एक दोषी के रूप में वापस सौंप दे, जिसके बाद कानून अपना काम करेगा। उन्हें (हसीना को) अपने किए का परिणाम भुगतना ही होगा।”
बांग्लादेश में अवामी लीग के समर्थक सड़कों पर – शेख हसीना की वापसी और बांग्लादेश सरकार की तीखी बयानबाजी के कारण अवामी लीग के समर्थक सड़कों पर हैं। उन्होंने बाग्ंलादेश के कई प्रमुख शहरों में विरोध प्रदर्शन और रैलियां की हैं। अवामी लीग की रैलियों में बड़ी संख्या में लोग भी शामिल हो रहे हैं। इस भीड़ ने शेख हसीना के विरोधियों की नींद उड़ा दी है। तारिक रहमान के नेतृत्व वाली बांग्लादेश की सरकार ने अवामी लीग के समर्थकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की है। शेख हसीना को सत्ता से हटाने में सबसे प्रमुख भूमिका निभाने वाली नेशनल सिटिजन्स पार्टी के कन्वीनर नाहिद हसन अवामी लीग समर्थकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं और भारत विरोधी बयानबाजी में भी लगे हैं।
बांग्लादेश ने भारत पर साधा निशाना – शमा ओबैद ने अवामी लीग के विरोध प्रदर्शनों को शेख हसीना की “राजनीतिक रूप से दिवालिया हो चुकी पार्टी” की एक सर्वाइवल टैक्टिक बताया। मंत्री ने बताया कि हसीना को वापस लाने के लिए विमान भेजने को लेकर भारत के साथ कोई आधिकारिक बातचीत नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि ढाका नई दिल्ली के साथ ऐसे संतुलित संबंध चाहता है, जिससे बांग्लादेश की “गरिमा, आत्म-सम्मान और हितों” से कोई समझौता न हो। ओबैद ने कहा, “भारत को यह तय करना होगा कि उसे बांग्लादेश के लिए किस तरह की विदेश नीति अपनानी चाहिए।”
Home / News / ‘भारत से लौटते ही गिरफ्तार कर जेल भेजेंगे’: शेख हसीना की वापसी पर बांग्लादेश की चेतावनी
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website