Wednesday , November 25 2026 2:08 AM
Home / News / शेख हसीना-गंगा जल संधि: नाहिद इस्लाम ने भारत के खिलाफ फिर उगला जहर, PM तारिक रहमान से मिले

शेख हसीना-गंगा जल संधि: नाहिद इस्लाम ने भारत के खिलाफ फिर उगला जहर, PM तारिक रहमान से मिले


बांग्लादेश की संसद में विपक्ष के चीफ व्हिप और नेशनल सिटीजन पार्टी के कन्वीनर नाहिद इस्लाम ने भारत विरोधी राजनीति को और तेज कर दिया है। उन्होंने बांग्लादेश की संप्रभुता, राष्ट्रीय सुरक्षा और आर्थिक हितों के नाम पर भारत के खिलाफ जमकर जहर उगला है। नाहिद इस्लाम ने भारत पर बांग्लादेश के हितों को नुकसान पहुंचाने और अपने फायदे के लिए पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना और उनकी पार्टी अवामी लीग का इस्तेमाल करने का आरोप भी लगाया। नाहिद इस्लाम ने गंगा जल संधि का नवीनीकरण करने और शेख हसीना की वापसी को लेकर प्रधानमंत्री तारिक रहमान से भी मुलाकात की।
पीएम तारिक रहमान से मिले नाहिद हसन – डेली स्टार की रिपोर्ट में बताया गया कि प्रधानमंत्री तारिक रहमान से मुलाकात के बाद नाहिद इस्लाम ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया। इसमें उन्होंने बांग्लादेश विरोधी ताकतों के खिलाफ राष्ट्रीय एकता बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह एकजुटता सिर्फ दिसंबर तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। नाहिद इस्लाम ने बांग्लादेश की सरकार से आग्रह किया कि वह शेख हसीना के खिलाफ जुलाई 2024 के विद्रोह (कथित छात्र आंदोलन) में शामिल राजनीतिक और सामाजिक ताकतों को एक साथ लाए। उन्होंने यह भी दावा किया कि तारिक रहमान के नेतृत्व वाली सरकार नेशनल सिटीजन पार्टी की मांग पर सहमत भी हो गई है।
बांग्लादेश की सरकार पर बरसे नाहिद हसन – नाहिद इस्लाम ने बांग्लादेश सरकार पर लगाया आरोपनाहिद इस्लाम ने कहा कि प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने देश में बिगड़ती कानून-व्यवस्था पर चिंता जताई। उन्होंने बांग्लादेश की राजनीतिक पार्टियों से फासीवादी ताकतों (शेख हसीना और अवामी लीग) के खिलाफ एकजुट रहने की अपील की। इस दौरान नाहिद इस्लाम ने बांग्लादेश की सरकार पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने, न्याय पक्का करने, प्रतिबंधित अवामी लीग के खिलाफ सख्त रवैया अपनाने और भारत के प्रति अपनी कूटनीतिक स्थिति को साफ करने में नाकाम रहने का आरोप लगाया।
शेख हसीना की वापसी, भारत के खिलाफ सख्ती की मांग की – उन्होंने बांग्लादेश की सरकार से शेख हसीना को भारत से वापस लाने के लिए कड़े कदम उठाने की अपील की। उन्होंने शरीफ उस्मान हादी की हत्या के लिए जिम्मेदार लोगों को भी भारत से वापस लाने की मांग की। उन्होंने शेख हसीना के खिलाफ जुलाई विद्रोह में हिस्सा लेने वाले प्रदर्शनकारियों की सुरक्षा और उनके पुनर्वास की मांग भी की। उन्होंने कहा कि जुलाई विद्रोह के पीड़ितों के लिए न्याय पक्का करने और बांग्लादेश की आजादी की रक्षा करने के साथ-साथ संवैधानिक सुधार राष्ट्रीय एकता के एजेंडे का हिस्सा होने चाहिए।
गंगा जल संधि को लेकर भारत के खिलाफ जहर उगला – नाहिद इस्लाम ने आरोप लगाया कि भारत बांग्लादेश को अस्थिर करने के लिए अवामी लीग को अपनी जमीन का इस्तेमाल करने की इजाजत दे रहा है। उन्होंने भारत के खिलाफ बांग्लादेश में राजनीतिक एकजुटता की भी अपील की। उन्होंने बांग्लादेश की सरकार से गंगा जल बंटवारा संधि पर बातचीत के दौरान कड़ा रुख अपनाने की भी अपील की। नाहिद इस्लाम का आरोप है कि भारत, बांग्लादेश को उसके हिस्से का पानी सप्लाई नहीं कर रहा है। उन्होंने नई संधि में गारंटी की शर्त भी जोड़ने की मांग की, ताकि बांग्लादेश को पानी का सही हिस्सा मिल सके।