
सर्दियों में या पहाड़ी इलाकों में बाहर निकलते ही फोन की बैटरी तेजी से खत्म होने या अचानक बंद होने की मेन वजह लिथियम-आयन बैटरी की केमिकल प्रक्रिया धीमी पड़ना है, जिससे लिथियम आयन सुस्त हो जाते हैं। कैमरा, नेविगेशन और तेज ब्राइटनेस के इस्तेमाल से यह असर और बढ़ता है। इससे बचने के लिए आप कुछ तरीके अपना सकते हैं।
सर्दियों की सुबह घर से बाहर निकलते ही या पहाड़ी इलाकों में घूमते समय अक्सर ऐसा होता है कि फोन की बैटरी बहुत तेजी से खत्म होने लगती है या कभी-कभी फोन अचानक बंद भी हो जाता है। दरअसल, ठंड का असर बैटरी की केमिकल प्रोसेस को धीमा कर देता है, जिससे फोन की असली चार्जिंग क्षमता तुरंत पूरी तरह इस्तेमाल नहीं हो पाती। यह काफी हद तक इस बात पर निर्भर करता है कि फोन कितनी ठंड में है और कितनी देर तक बाहर रखा है। हालांकि, लोग अपनी कुछ-कुछ आदतों को बदलकर और सेटिंग्स में बदलाव करके ठंड में भी एक बार चार्ज करने पर फोन को ज्यादा देर तक चला सकते हैं। आइये, जानते हैं कैसे।
सर्दियों में क्यों जल्दी खत्म होती है बैटरी – दरअसल, ज्यादातर स्मार्टफोन्स में लिथियम-आयन बैटरी का इस्तेमाल होता है। ठंड में बैटरी के अंदर चार्ज पहुंचाने वाले कण यानी लिथियम आयन थोड़े सुस्त पड़ जाते हैं और करंट के रास्ते में रुकावट बढ़ जाती है, जिससे बैटरी उतनी तेजी और आसानी से पावर नहीं दे पाती जितनी सामान्य मौसम में देती है। जब आप कैमरा खोलते हैं, स्क्रीन की ब्राइटनेस बढ़ाते हैं या नेविगेशन का इस्तेमाल करते हैं, तो फोन ज्यादा पावर लेता है। इस कारण बैटरी जल्दी खत्म हो जाती है। अगर आप बहुत कम तापमान पर फोन चार्ज करते हैं, तो बैटरी के अंदर मैटेलिक लिथियम जमा हो सकता है, जिससे समय के साथ बैटरी की क्षमता कम हो जाती है। कुछ फोन तब तक चार्जिंग को धीमा कर देते हैं या रोक देते हैं, जब तक कि बैटरी गर्म न हो जाए।
फोन अंदर की जेब में रखें – सर्दियों के मौसम में फोन को जैकेट की अंदर वाली जेब में रखना चाहिए ताकि उसे शरीर की गर्मी मिल सके और ठंडी हवा से बचा रहे। बाइक या स्कूटर पर काम न हो तो फोन माउंट से हटाकर जेब में रख लें, केस या इंसुलेटेड पाउच में भी रखने से फोन का तापमान स्थिर रह सकता है।
पहले ही बैटरी सेवर ऑन करें – बाहर जाने से पहले बैटरी सेवर ऑन कर लें। इससे बैकग्राउंड एक्टिविटीज, विजुअल इफेक्ट और रिफ्रेश रेट कम होकर बैटरी बचती है। साथ ही स्क्रीन ब्राइटनेस और टाइमआउट भी कम रखें। इस तरह आप फोन की बैटरी को लंबे समय तक चला पाएंगे।
एकदम चार्जिंग पर न लगाएं – अगर फोन बहुत ज्यादा ठंडे तापमान में रहा है या ठंड की वजह से बंद हो गया है, तो उसे घर के अंदर लाएं और चार्ज करने से पहले धीरे-धीरे सामान्य तापमान पर आने दें। इसे सीधे हीटर या कार के गर्म हवा वाले वेंट जैसी तेज गर्मी के पास न रखें। अंदर लाने पर अगर फोन या चार्जिंग पोर्ट में नमी दिखे, तो पहले उसके अच्छी तरह सूखने का इंतजार करें। अपने फोन के लिए सही तापमान की सीमा देख लें और अगर फिर भी तापमान से जुड़ी चेतावनी दिखे, तो फोन को थोड़ा और समय दें ताकि वह सामान्य हो सके।
Home / Business & Tech / सर्दियों में जल्दी क्यों खत्म होती है स्मार्टफोन की बैटरी? जानिए बैटरी बचाने के आसान उपाय
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website